अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bokaro : जिला पदाधिकारी अजय नाथ ने पदभार ग्रहण करते ही इसे अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया था। इसी कड़ी में शनिवार को एयरपोर्ट बाउंड्री से सटे इलाके में बने अवैध बूचड़खानों और अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एयरपोर्ट बाउंड्री के पास अतिक्रमण पर कार्रवाई
बोकारो एयरपोर्ट की बाउंड्री से लगे दूंदीबाग क्षेत्र में लंबे समय से अवैध हॉटमेंट और बूचड़खाने संचालित हो रहे थे। उड़ान सेवा शुरू करने में यह बड़ा अवरोध बन रहा था। DGCA ने स्पष्ट कर दिया था कि एयरपोर्ट के अत्यधिक नजदीक मीट शॉप या बूचड़खाना होने पर फ्लाइट संचालन को सुरक्षा खतरा होता है। इसके कारण एयरपोर्ट को आवश्यक लाइसेंस जारी नहीं हो पा रहा था और उड़ान शुरू करने में वर्षों से देरी हो रही थी।
पूर्व में जारी हो चुका था नोटिस
बीएसएल के संपदा न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले ही इविक्शन ऑर्डर जारी कर दिया था। इसके बाद अतिक्रमणकारियों को नोटिस भी दिया गया, लेकिन किसी ने स्वयं हटाने की पहल नहीं की। आखिरकार शनिवार को दंडाधिकारी की निगरानी में प्रशासन, पुलिस और बीएसएल की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाना शुरू किया।
बीएसएल प्रबंधन का बयान
बीएसएल के जीएम ए.के. सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट संचालन पिछले 7–8 साल से इन्हीं कारणों से अटका हुआ था। “उड़ान सेवा शुरू करनी है तो अतिक्रमण हटाना जरूरी है। DGCA के मानकों के अनुसार एयरपोर्ट के ठीक बगल में हॉटमेंट या मीट शॉप होना उड़ान सुरक्षा के लिए जोखिम है। सभी को सहयोग करना होगा।”
सुरक्षाबलों की बड़ी तैनाती
कार्रवाई के दौरान लगभग 100 पुलिसकर्मी, बीएसएल के सुरक्षा गार्ड और मजिस्ट्रेट मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि यह कदम बोकारो में जल्द एयर सेवा शुरू करने की दिशा में बड़ा परिवर्तन साबित होगा।
इसे भी पढ़ें : वासेपुर का ‘डॉन’ आयेगा जेल से बाहर, हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत

