अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है और ठंड का असर रोजाना बढ़ता जा रहा है। हिमालय से आ रही उत्तरी हवाओं ने राज्य के तापमान में अचानक गिरावट ला दी है। मौसम विभाग की मानें तो 15 नवंबर को कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8–9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं शीतलहर की स्थिति बन सकती है। सुबह कोहरा छाए रहने और दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
शनिवार को और गिर सकता है पारा
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8–9 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
बाजारों में कंबल की मांग बढ़ी
ठंड बढ़ते ही बोकारो में कंबल और गर्म कपड़ों की खरीदारी तेज हो गई है। यलो अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और शाम विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटों में राज्य के पश्चिमी हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति देखी गई। खूंटी में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज हुआ।
मंदिरों में भी बदल रही दिनचर्या
ठंड के असर से मंदिरों में भी बदलाव किए जा रहे हैं। देवताओं को गर्म वस्त्र पहनाए जा रहे हैं। धनबाद के जोड़ाफाटक श्रीराम मंदिर में देवी-देवताओं को शॉल ओढ़ाए गए हैं। शक्ति मंदिर और लक्ष्मीनारायण मंदिर में संध्या आरती का समय घटाकर 6 बजे कर दिया गया है। वहीं भूईफोड़ मंदिर और बाबा भूतनाथ मंदिर में भी दिसंबर से समय में बदलाव किया जाएगा।

