अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के चुट्टूपालू घाटी में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को हिला कर रख दिया। रांची से रामगढ़ की ओर आ रहा मछली लदा ट्रक अचानक एक अज्ञात भारी वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे में चालक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।
गड़के मोड़ के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक मछली से भरा ट्रक संख्या AP 16 TE 6607 रांची से रामगढ़ की तरफ जा रहा था। जैसे ही ट्रक चुट्टूपालू घाटी के गड़के मोड़ के पास पहुंचा, उसने आगे चल रहे किसी भारी वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। घाटी में मोड़ और ढलान होने की वजह से हादसा काफी भयावह हो गया। टक्कर के बाद ट्रक का केबिन पूरी तरह टूट गया। सड़क पर चारों तरफ मछलियां बिखर गईं और कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद जिस वाहन से टक्कर हुई, उसका चालक मौके से फरार हो गया।
केबिन में बुरी तरह फंस गए थे चालक और खलासी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रक का केबिन बुरी तरह दब चुका था, जिस कारण चालक और खलासी अंदर फंस गए थे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं खलासी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज चल रहा है।
फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर उस अज्ञात भारी वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
इसे भी पढ़ें : “भगवान किसी मां-बाप को ई दिन न दिखाये”

