अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : हजारीबाग में दो पत्रकारों पर हुए हमले के खिलाफ बुधवार को पाकुड़ में पत्रकारों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रेस क्लब पाकुड़ के बैनर तले जिले भर के पत्रकार एकजुट हुए और काला बिल्ला लगाकर अपना आक्रोश जताया। इस दौरान पत्रकारों ने साफ कहा कि लगातार पत्रकारों पर हो रहे हमले लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक हैं। प्रेस क्लब पाकुड़ के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में पत्रकार प्रेस क्लब पहुंचे और हमले की घटना की कड़ी निंदा की।
क्या है पूरा मामला
बताया गया कि बीते 28 अप्रैल को हजारीबाग में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के दौरान यह घटना हुई। मंत्री से सवाल पूछने के दौरान वहां मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने दो पत्रकारों के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि पत्रकारों के साथ न सिर्फ धक्का-मुक्की और पिटाई की गई, बल्कि गाली-गलौज भी की गई। इस हमले में दोनों पत्रकार घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इलाज के बाद दोनों पत्रकारों ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
पत्रकारों ने कहा, यह चौथे स्तंभ पर हमला
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने कहा कि राज्य में लगातार मीडिया कर्मियों को निशाना बनाया जा रहा है। कभी रिपोर्टिंग के दौरान हमला होता है, तो कभी सवाल पूछने पर पत्रकारों को धमकाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दो पत्रकारों पर हमला नहीं है, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। अगर पत्रकार सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो सच सामने कैसे आएगा। पत्रकारों ने सरकार से मांग की कि दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
विरोध प्रदर्शन के बाद सभी पत्रकार समाहरणालय पहुंचे। वहां उन्होंने डीसी मेघा भारद्वाज से मुलाकात की और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी और पत्रकारों के सम्मान की रक्षा की मांग की गई। इस दौरान जिले के कई वरिष्ठ और युवा पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारों की आवाज दबाने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : भयंकर एनकाउंटर : भोरे-भोर दहल उठा सारंडा का जंगल



