अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची नगर निगम में लंबित कोर्ट के मामलों को जल्द से जल्द निपटाने के लिए नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को उन्होंने निगम की विधि शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में नगर आयुक्त ने पुराने और पेंडिंग चल रहे मुकदमों की मौजूदा स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि कानूनी मामलों के निपटारे में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए कामकाज के तरीके में तुरंत सुधार लाने की जरूरत है।
सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट के लिए अलग-अलग टीमें
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने काम के बोझ को बांटने और मामलों के समय पर निपटारे के लिए विधि शाखा को दो अलग-अलग टीमों में बांटने का निर्देश दिया। तय व्यवस्था के मुताबिक पहली टीम केवल सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट में चल रहे निगम के मामलों को देखेगी। वहीं दूसरी टीम को सिविल कोर्ट से जुड़े मुकदमों के निपटारे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर आयुक्त ने आदेश दिया कि दोनों टीमों के विधि सहायक रोजाना ईमेल, डाक या किसी भी अन्य माध्यम से आने वाले कोर्ट के नोटिस और पत्रों की रिसीविंग खुद सुनिश्चित करें। इन सभी दस्तावेजों का सही रिकॉर्ड रखने और उन पर लगातार नजर रखने को कहा गया है, ताकि कोई भी जरूरी कागज या मामला दफ्तर की फाइलों में दबा न रह जाए।
काउंटर एफिडेविट दाखिल करने में न हो कोई देरी
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने खास तौर पर काउंटर एफिडेविट यानी जवाब दाखिल करने से जुड़े लंबित मामलों पर नाराजगी जताई और इन्हें बिना किसी बेवजह देरी के पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पेंडिंग मुकदमों की एक प्राथमिकता सूची तैयार की जाए और जो मामले ज्यादा जरूरी हैं, उन पर पहले कानूनी कार्रवाई पूरी की जाए। इस समीक्षा बैठक में सहायक नगर आयुक्त, विधि सहायक और विधि शाखा के सभी संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्हें नए सिरे से जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इसे भी पढ़ें : सर्द रातों की ठिठुरन में बेसहारा लोगों को उम्मीद की गर्माहट दे गये नगर आयुक्त








