अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने पीसीएस 2026 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही 25 जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अगर आप प्रशासनिक सेवा में करियर बनाना चाहते हैं तो 27 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। हालांकि आवेदन करने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना जरूरी है। बिना OTR नंबर के आवेदन स्वीकार नहीं होगा।
करीब 500 पदों पर भर्ती
आयोग ने फिलहाल लगभग 500 रिक्त पदों पर भर्ती का प्रस्ताव रखा है। इनमें डिप्टी कलेक्टर, डिप्टी एसपी, बीडीओ, एआरटीओ, ट्रेजरी ऑफिसर, जेल अधीक्षक और जिला कल्याण अधिकारी समेत कई अहम पद शामिल हैं। अंतिम रिक्तियों की संख्या विभागों की जरूरत के अनुसार बदल सकती है।
कौन कर सकता है आवेदन
सामान्य तौर पर किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। कुछ पदों के लिए एलएलबी, स्नातकोत्तर, बीएड या विशेष विषय में डिग्री की जरूरत होगी। आयु सीमा 1 जुलाई 2026 के आधार पर 21 से 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट मिलेगी।
तीन चरणों में होगा चयन
भर्ती प्रक्रिया में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार शामिल होंगे। प्रीलिम्स में सामान्य अध्ययन और CSAT के दो पेपर होंगे। CSAT केवल क्वालिफाइंग होगा, जिसमें 33 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है। मुख्य परीक्षा वर्णनात्मक होगी और सफल उम्मीदवारों को 100 अंकों के इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
आवेदन ऐसे करें
सबसे पहले OTR नंबर से सत्यापन करें। इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें, ऑनलाइन शुल्क जमा करें और अंतिम आवेदन सबमिट करें। आवेदन पत्र का प्रिंट अपने पास सुरक्षित रखें। यदि OTR में कोई बदलाव करें तो उसे डैशबोर्ड पर सिंक्रोनाइज करना न भूलें।
आवेदन शुल्क और जरूरी सलाह
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 125 रुपये, एससी-एसटी और भूतपूर्व सैनिकों के लिए 65 रुपये तथा दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 25 रुपये निर्धारित किया गया है।आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन भरते समय कोई भी गलत जानकारी न दें। गलत या भ्रामक जानकारी मिलने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है और गंभीर मामलों में भविष्य की परीक्षाओं से भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इसलिए सभी दस्तावेज तैयार रखें और अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन कर दें।
इसे भी पढ़ें : राशन कार्ड है तो जरूर पढ़ें! सरकार बदलने जा रही मुफ्त अनाज का नियम

