अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला है। 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के महानायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि राहुल गांधी संवैधानिक पद पर रहते हुए भी देश और उत्तर प्रदेश को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। जब भी वे राज्य से बाहर जाते हैं तो यूपी को लांछित करते हैं और विदेश जाकर भारत की साख पर चोट पहुंचाते हैं।
मनुस्मृति बयान पर पलटवार, धर्मग्रंथ पढ़ने की दी सलाह
राहुल गांधी के मनुस्मृति से जुड़े बयान पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष से लोकतंत्र और संविधान के प्रति जिम्मेदारी की उम्मीद की जाती है। यदि उन्हें भारतीय संस्कृति और मनु के विचारों को समझना है तो केवल आधा-अधूरा ज्ञान काफी नहीं है, बल्कि इसके लिए अथर्ववेद, शतपथ ब्राह्मण और मत्स्य पुराण का अध्ययन करना चाहिए।
सीएम योगी ने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में महिलाओं को हमेशा सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है जिसे जीवन में मां, बहन, पत्नी या बेटी के रूप में किसी स्त्री का स्नेह और संरक्षण न मिला हो। उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा में महिला और पुरुष के आपसी रिश्तों को केवल एकतरफा नजरिए से देखकर खारिज नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके गहरे और व्यापक संदर्भ को समझने की जरूरत है।
यह काल गणना मनु ने दी है…
राहुल जी, यह आपके नाना ने नहीं दी है, परनाना ने नहीं दी है, आपकी दादी ने नहीं दी है… pic.twitter.com/0YXJ4fP3gb
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 24, 2026
सेना के शौर्य और संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का आरोप
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की सेना सीमाओं पर जान जोखिम में डालकर दुश्मनों से लड़ती है, लेकिन राहुल गांधी और उनकी पार्टी के नेता जवानों के पराक्रम पर सवाल उठाते हुए उनसे सबूत मांगते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री पद की गरिमा का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे देश का प्रतिनिधित्व करने वाली एक सर्वोच्च संवैधानिक संस्था हैं। जब कोई उनके खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करता है, तो यह केवल व्यक्ति का विरोध नहीं होता, बल्कि पूरे देश और उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान होता है। सीएम ने आगे कहा कि कांग्रेस दशकों से सनातन आस्था पर चोट करती रही है और उसने अयोध्या में प्रभु श्रीराम के अस्तित्व तक को नकारने की कोशिश की थी।
अमेठी-रायबरेली की उपेक्षा और इतिहास के साथ खिलवाड़
गांधी परिवार के राजनीतिक इतिहास पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि अमेठी और रायबरेली की जनता ने कई दशकों तक इस परिवार का साथ निभाया, लेकिन बदले में इस पूरे इलाके को केवल पहचान का संकट मिला। कांग्रेस ने कभी भी इन क्षेत्रों के बुनियादी विकास पर ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरा ध्यान हमेशा देश के स्मारकों, योजनाओं और प्रमुख संस्थानों का नामकरण केवल अपने ही परिवार के इर्द-गिर्द रखने पर रहा। इसी वजह से अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह, लालचंद स्वर्णकार और वीरा पासी जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों को इतिहास में वह सम्मान नहीं दिया गया जिसके वे असली हकदार थे। काकोरी ट्रेन एक्शन जैसी ऐतिहासिक घटना को भी सालों तक केवल लूट बताकर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को कम आंका गया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आचरण पर तीखा प्रहार
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी के स्थानीय नेतृत्व पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता धार्मिक आस्था को लेकर केवल दिखावा करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पहले अयोध्या में हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन और पूजा का नाटक करते हैं और उसके बाद बाहर निकलकर मछली की दावत उड़ाते हैं।
सीएम ने कहा कि मंदिर में राम-राम का जाप करना और बाहर आकर ऐसा आचरण करना कांग्रेस के दोहरे चरित्र को साफ दिखाता है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जिस माफिया ने प्रदेश अध्यक्ष के सगे भाई की हत्या की थी, उसके खिलाफ सीना तानकर लड़ने के बजाय कांग्रेस के इस नेता ने उसी माफिया के सामने घुटने टेक दिए।
1857 के नायकों को नमन और स्मारक का विस्तार
सीएम ने राना बेनी माधव बख्श सिंह, मंगल पांडे, रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, धन सिंह गुर्जर और वीरा पासी समेत 1857 की क्रांति के सभी अमर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि 1857 का संग्राम अवध की धरती और यहां के रणबांकुरों के बिना अधूरा है। राना बेनी माधव ने स्थानीय नागरिकों को अपनी सेना में जोड़कर अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिला दी थीं।
‘विरासत भी, विकास भी’ डबल इंजन सरकार का ध्येय…
‘अवध केसरी’ राना बेनी माधव बख्श सिंह जी की पावन स्मृतियों को नमन। pic.twitter.com/7sjZERNs57
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 24, 2026
सीएम योगी ने जानकारी दी कि राना बेनी माधव स्मारक के पहले चरण का निर्माण कार्य करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हो चुका है। अब इसके दूसरे चरण में वीरा पासी और उनके अन्य सहयोगी सेनानियों की भव्य प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पूरे साल ऐसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें स्वाधीनता सेनानियों और शहीदों के परिवारों को बुलाकर उनका सम्मान किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : बहनों को ‘योगी भइया’ का स्नेह… रक्षाबंधन पर 3 रोज की फ्री बस यात्रा का तोहफा



