अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhaka, Bangladesh : बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में स्वदेश वापसी की खबरों के बीच ढाका की अंतरिम सरकार ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि शेख हसीना और उनके परिवार के लिए देश में कोई जगह नहीं है। गुरुवार को विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कबीर ने कहा कि हसीना दिसंबर में अपनी मर्जी से बांग्लादेश नहीं लौट सकतीं और उनके यहां आने का एकमात्र रास्ता प्रत्यर्पण ही है। प्रोथोम अलो और द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेशी मंत्री ने यह भी दावा किया कि भारत को भी अब यह महसूस होने लगा है कि शेख हसीना दोनों देशों के रिश्तों के बीच एक बड़ी अड़चन बन गई हैं और उनकी वजह से भारत खुद को असहज स्थिति में पा रहा है।
हथकड़ी पहनकर ही लौटना होगा बांग्लादेश
शेख हसीना की वापसी की अटकलों को खारिज करते हुए विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने तंज कसते हुए कहा कि दिसंबर में कोई और नहीं आने वाला, दिसंबर में तो सिर्फ सर्दी आएगी और लोगों को स्वेटर खरीद लेने चाहिए। उन्होंने साफ किया कि हसीना की वापसी पर अब किसी भी तरह की चर्चा का कोई मतलब नहीं है। कबीर के अनुसार, हसीना केवल हथकड़ी पहनकर या कड़ी सुरक्षा निगरानी में हवाई जहाज के जरिए ही बांग्लादेश आ सकती हैं। जब उनसे भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के उस बयान पर सवाल किया गया, जिसमें कहा गया था कि हसीना का अपनी मर्जी से लौटने का इरादा और ढाका की प्रत्यर्पण की मांग दो अलग-अलग मामले हैं, तो कबीर ने कहा कि उन्हें भारत के इस रुख को समझने में कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि आम नागरिकों की आवाजाही और अपराधियों के लिए बनी प्रत्यर्पण संधि दो अलग चीजें हैं। चूंकि हसीना अपराधियों की श्रेणी में आती हैं, इसलिए उन्हें संधि के तहत ही बांग्लादेश को सौंपा जाना चाहिए।
प्रत्यर्पण की मांग और मौत की सजा का हवाला
बांग्लादेशी मंत्री ने याद दिलाया कि 5 अगस्त 2024 को हुए बड़े जन-विद्रोह के बाद सत्ता से बेदखल होकर शेख हसीना भारत चली गई थीं और तब से वहीं रह रही हैं। इसके बाद 17 नवंबर 2025 को बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (प्रथम) ने जुलाई के जन-विद्रोह के दौरान मानवता के खिलाफ किए गए अपराधों के एक मामले में उन्हें मौत की सजा सुनाई है। हुमायूं कबीर ने बताया कि बांग्लादेश सरकार ने भारत को उनके प्रत्यर्पण के लिए औपचारिक अनुरोध भेज दिया है और अब भारत के जवाब का इंतजार किया जा रहा है। अवामी लीग की अध्यक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कबीर ने कहा कि बांग्लादेश में हसीना के परिवार, उनकी पार्टी या किसी भी तरह के आतंकवादियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हसीना अपने पीछे दो हजार लोगों की मौत छोड़ गई हैं और उनका राजनीतिक करियर बहुत पहले ही खत्म हो चुका है। भारत की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि किसी अनचाहे मेहमान को तुरंत बाहर नहीं निकाला जा सकता, बल्कि मजबूरी में बर्दाश्त करना पड़ता है और भारत भी इस परेशानी को समझता है।
गंगा जल संधि और अमेरिकी टैरिफ पर भी रखा पक्ष
प्रेस वार्ता के दौरान विदेश राज्यमंत्री ने भारत और अमेरिका से जुड़े अन्य अहम द्विपक्षीय मुद्दों पर भी सरकार का रुख साफ किया। 12 दिसंबर को समाप्त हो रही गंगा जल बंटवारा संधि के बारे में उन्होंने जानकारी दी कि बांग्लादेश ने इस विषय पर भारत को पत्र लिखा है और फिलहाल जवाब की प्रतीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि ढाका की तरफ से जो भी जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए, वे सभी किए जा रहे हैं। इसके अलावा, अमेरिका द्वारा बांग्लादेश और 13 अन्य देशों पर प्रस्तावित नई टैरिफ दरों को लेकर हुमायूं कबीर ने कहा कि यह कदम वाशिंगटन के राजनीतिक अभियान के एजेंडे का हिस्सा है। उन्होंने माना कि इन व्यापारिक समझौतों के कुछ प्रावधान बांग्लादेश को अनुचित लगते हैं, लेकिन इस पर बातचीत की पूरी गुंजाइश है और ढाका अपनी आपत्तियों को अमेरिका के सामने रखेगा।
इसे भी पढ़ें : सर्दियों में तेजी से झड़ रहे हैं बाल? कहीं आप तो नहीं कर रहे ये 5 गलतियां








