अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Muzaffarpur : बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों की गतिविधियां जारी हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र का है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने अंडों से भरे एक ट्रक से भारी मात्रा में पंजाब निर्मित अवैध शराब जब्त की है। यह ट्रक उत्तर प्रदेश नंबर का है और इसमें दो अलग-अलग ब्रांड की शराब को छिपाकर लाया जा रहा था। कार्रवाई मोगा ढाबा के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक और उसका सहयोगी फरार हो गए, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
अंडों की आड़ में तस्करी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शराब की यह खेप पंजाब के एक अंडा व्यवसायी के नाम पर विक्रमगंज भेजी जानी थी। हालांकि, शराब तस्करों की योजना थी कि पहले इसे स्थानीय सप्लायर को सौंपा जाए। ट्रक में शराब को अंडों के नीचे बड़ी चालाकी से छिपाया गया था।
जैसे ही ट्रक ने बिहार सीमा में प्रवेश किया, चालक और उपचालक ने जीपीएस सिस्टम बंद कर दिया, ताकि ट्रक की लोकेशन ट्रैक न की जा सके। लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता से यह तस्करी पकड़ी गई।
जांच जारी
उत्पाद निरीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक से जब्त शराब की गिनती की जा रही है। साथ ही अंडों को भी सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि तस्करी से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
इसे भी पढ़ेंं : कांग्रेस के कई नेता जदयू के संपर्क में, बड़े पैमाने पर टूटेगी पार्टी : संजय झा

