अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : केंद्र सरकार के माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) संशोधन कानून 2026 के खिलाफ झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में सत्ता पक्ष ने कड़ा रुख अपनाया। सदन में चर्चा के दौरान झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने इस कानून को राज्यों के खनिज अधिकारों और देश के संघीय ढांचे से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जिसका इस्तेमाल केवल खनिज संसाधनों के दोहन के लिए किया जाए। देश की समृद्धि का रास्ता झारखंड की गरीबी से होकर नहीं गुजरना चाहिए।
संघीय ढांचे और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिया हवाला
सदन में अपनी बात रखते हुए झामुमो विधायक ने सवाल किया कि जिस धरती से पूरे देश की समृद्धि निकलती है, वहां रहने वाले लोगों का उस संपत्ति पर कितना अधिकार है। उन्होंने पूछा कि क्या भारत की संघीय व्यवस्था में एक गरीब, आदिवासी बहुल और खनिज संपदा से भरे राज्य को अपने विकास के लिए संसाधन जुटाने का अधिकार भी केंद्र की इच्छा पर निर्भर करेगा। कल्पना सोरेन ने 25 जुलाई 2024 के सुप्रीम कोर्ट की नौ जजों की संविधान पीठ के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि अदालत ने राज्यों को खनिज युक्त भूमि पर टैक्स लगाने का अधिकार दिया था। इसी आधार पर झारखंड सरकार ने खनिज युक्त भूमि उपकर से जुड़ा कानून बनाया था। उन्होंने कहा कि जब शीर्ष अदालत ने राज्यों के इस हक को मान्यता दे दी है, तो केंद्र सरकार अब इस शक्ति को सीमित करने वाला कानून क्यों लेकर आई है। उनके अनुसार यह मामला सिर्फ राजस्व का नहीं, बल्कि राज्यों के संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा है।
खनन का नुकसान झारखंड को, सालाना 15 हजार करोड़ के घाटे का दावा
विधायक ने खनन से होने वाले नुकसानों को उठाते हुए कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर स्थानीय जमीन और वहां के निवासियों पर पड़ता है। खनन की वजह से लोगों को विस्थापन, प्रदूषण और गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या खनिज निकलने के बाद वह जमीन झारखंड की नहीं रह जाती या वहां रहने वाले लोग राज्य के नागरिक नहीं रहते। कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड के कोयले ने देश के बिजलीघरों को रोशन किया है और लौह अयस्क ने इस्पात उद्योग को ताकत दी है, लेकिन इसके बदले राज्य को उसके योगदान के अनुपात में बहुत कम मिला है। उन्होंने दावा किया कि इस नए संशोधन के लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 15 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने केंद्र से यह भी पूछा कि क्या इस कानून को लाने से पहले झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे खनिज उत्पादक राज्यों के संभावित आर्थिक नुकसान का कोई आकलन कराया गया था।
जनकल्याणकारी योजनाओं पर असर की जताई चिंता
राज्य की आर्थिक स्थिति और सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद झारखंड सरकार जनता के हित में काम कर रही है। राज्य में अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना और मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के जरिए गरीबों, महिलाओं और जरूरतमंदों तक सीधी मदद पहुंचाई जा रही है। ऐसे में यदि राज्य के राजस्व जुटाने के स्रोतों को सीमित किया जाएगा, तो इसका सीधा असर इन जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य के विकास पर पड़ेगा। अपने संबोधन के आखिर में उन्होंने कहा कि झारखंड देश का अभिन्न हिस्सा है और दिल्ली से राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जब बात राज्य के अधिकार और सम्मान की हो, तो विधानसभा में सभी की आवाज एक होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड ने अपने हक के लिए संघर्ष करना सीखा है, इसलिए राज्य के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों का सम्मान होना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने MMDR संशोधन के खिलाफ पेश किया संकल्प, क्या बोले… जानें







