अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : हिंदी और मराठी फिल्मों के जाने-माने मशहूर अभिनेता अच्युत पोतदार का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 18 अगस्त को मुंबई के ठाणे स्थित जुपिटर अस्पताल में अंतिम सांस ली। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे, जिसके चलते उन्हें कुछ समय पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका अंतिम संस्कार 19 अगस्त को किया जाएगा।
‘3 इडियट्स’ से घर-घर में बने पहचान
अच्युत पोतदार ने अपने लंबे करियर में कई फिल्मों और टीवी शोज में काम किया, लेकिन फिल्म 3 इडियट्स में निभाया गया उनका प्रोफेसर का किरदार दर्शकों के दिलों में अमर हो गया। उनका मशहूर डायलॉग “अरे क्या कहना क्या चाहते हो?” आज भी सोशल मीडिया पर मीम्स के रूप में खूब इस्तेमाल किया जाता है।
फिल्म इंडस्ट्री में शोक
अभिनेता के निधन की खबर से हिंदी और मराठी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके प्रशंसक और फिल्मी जगत के साथी कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
एक्टिंग से पहले प्रोफेसर और आर्मी ऑफिसर
22 अगस्त 1934 को मध्यप्रदेश में जन्मे अच्युत पोतदार ने पढ़ाई पूरी करने के बाद रीवा में प्रोफेसर के तौर पर करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने भारतीय सेना ज्वॉइन की और 1967 में कैप्टन के पद से रिटायर हुए।
आर्मी से रिटायरमेंट के बाद उन्होंने इंडियन ऑयल कंपनी में बतौर एक्जीक्यूटिव 25 साल तक सेवा दी। 58 साल की उम्र में रिटायर होने के बाद उन्होंने थिएटर और नाटकों में हिस्सा लेना शुरू किया। यहीं से उनका झुकाव फिल्मों और टीवी की ओर बढ़ा।
फिल्मी सफर की शुरुआत और प्रमुख फिल्में
अच्युत पोतदार ने 1980 में फिल्म आक्रोश से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उनकी कुछ चर्चित फिल्में हैं…
- तेजाब
- दिलवाले
- रंगीला
- इश्क
- वास्तव
- हम साथ-साथ हैं
- परिणीता
- लगे रहो मुन्ना भाई
- भूतनाथ
- दबंग 2
- आर राजकुमार
वे बॉलीवुड के तीनों खान सितारों (आमिर खान, शाहरुख खान और सलमान खान) के साथ भी काम कर चुके थे।
टीवी शोज में भी दिखाया हुनर
सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, बल्कि उन्होंने कई टीवी शोज में भी अपनी अदाकारी से पहचान बनाई। वागले की दुनिया, माझा होशिल ना, मिसेज तेंदुलकर और भारत की खोज जैसे धारावाहिकों में उनकी भूमिकाएं काफी सराही गईं। अच्युत पोतदार का सफर इस बात का प्रमाण है कि मेहनत और जुनून से किसी भी उम्र में नई शुरुआत की जा सकती है। अपने सादगीभरे अंदाज और दमदार अभिनय से उन्होंने दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए जगह बना ली है।
इसे भी पढ़ें : ज्यादा नींद लेना सेहत के लिए खतरनाक, डायबिटीज और हार्ट अटैक का रिस्क

