अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Rajgir : बिहार के राजगीर में आज यानी शुक्रवार से हीरो पुरुष एशिया कप हॉकी-2025 का शानदार आगाज हो रहा है। यह टूर्नामेंट राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शुरू हो रहा है। भारत, जापान, चीन, कजाखस्तान, मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं। यह टूर्नामेंट 2026 हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफायर भी है।
राजगीर में पूरी तैयारी, निःशुल्क प्रवेश
राजगीर के अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में सभी मैच खेले जाएंगे। विदेशी और अन्य टीमों के लिए राजगीर के होटलों में ठहरने की व्यवस्था की गई है, जबकि भारतीय टीम खेल परिसर में रहेगी। स्टेडियम में सुरक्षा, पार्किंग और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। खास बात यह है कि सभी मैचों में प्रवेश मुफ्त होगा। दर्शक www.ticketgenie.in या हॉकी इंडिया ऐप पर रजिस्ट्रेशन कर वर्चुअल टिकट ले सकते हैं।
पहले दिन चार मैच
टूर्नामेंट में कुल 24 मैच होंगे। पहले दिन आज चार मैच खेले जाएंगे। भारत को पूल-ए में जापान, चीन और कजाखस्तान के साथ रखा गया है। भारतीय टीम का पहला मुकाबला आज चीन के खिलाफ होगा। इसके बाद 31 अगस्त को जापान और 1 सितंबर को कजाखस्तान से भिड़ंत होगी। पूल-बी में मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे हैं। उद्घाटन मैच मलेशिया और बांग्लादेश के बीच सुबह 9 बजे होगा। फाइनल 7 सितंबर को खेला जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए खास इंतजाम
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सीईओ रवींद्रन शंकरण ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए उनके देश के स्वाद का खाना, एसी बस, दुभाषिया और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था है। स्टेडियम में चार गेट बनाए गए हैं- कर्मचारियों, दर्शकों, वीवीआईपी और खिलाड़ियों के लिए। दर्शकों के लिए 7 पार्किंग स्थल हैं।
38 जिलों में फैन पार्क
राजगीर स्टेडियम में 5000 दर्शकों की क्षमता है। बिहार के 38 जिलों में फैन पार्क बनाए गए हैं, जहां LED स्क्रीन पर मैचों का लाइव प्रसारण होगा। स्टेडियम में फूड कोर्ट और वाशरूम की सुविधा भी है।
विशेष आयोजन
30 अगस्त को ‘हॉकी विथ हरमनप्रीत’ कार्यक्रम होगा, जिसमें भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह बच्चों को हॉकी सिखाएंगे। 31 अगस्त को ‘संडे ऑन साइकिल’ में खिलाड़ी और बच्चे 5 किमी साइकिल चलाएंगे। टूर्नामेंट का मैस्कॉट ‘चांद’ मेजर ध्यानचंद को समर्पित है, जो रात में चांद की रोशनी में प्रैक्टिस करते थे।
भारत और पाकिस्तान का रिकॉर्ड
यह टूर्नामेंट का 12वां संस्करण है। दक्षिण कोरिया ने 5 बार खिताब जीता है, जबकि भारत और पाकिस्तान ने 3-3 बार यह खिताब अपने नाम किया है। भारत में यह तीसरी बार हो रहा है, इससे पहले 1989 में दिल्ली और 2007 में चेन्नई में आयोजन हुआ था।
‘ट्रॉफी गौरव यात्रा’ का समापन
हॉकी को बढ़ावा देने के लिए ‘ट्रॉफी गौरव यात्रा’ निकाली गई थी, जो आज राजगीर पहुंचेगी। बिहार के लिए यह पहला मौका है जब पुरुष एशिया कप हॉकी का आयोजन हो रहा है। यह आयोजन बिहार की खेल मेजबानी और पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाएगा।
इसे भी पढ़ें : CM नीतीश का स्वास्थ्यकर्मियों को बड़ा तोहफा… जानें क्या

