अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : शिक्षक दिवस के अवसर पर हिंदी साहित्य भारती झारखंड की ओर से शुक्रवार को विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर आई क्रिएट एकेडमी के शिक्षकों को नवाजा गया। समारोह में शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच गुरु-शिष्य परंपरा और कृतज्ञता की झलक देखने को मिली।
समाज की नींव हैं शिक्षक : अजय राय
समारोह की अध्यक्षता हिंदी साहित्य भारती झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने की। उन्होंने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “शिक्षक समाज की नींव हैं। वे आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा और संस्कार देते हैं। राष्ट्र की प्रगति उनके मार्गदर्शन पर ही निर्भर करती है।”
उन्होंने आगे कहा कि आज शिक्षा केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का प्रमुख साधन बन चुकी है। ऐसे में शिक्षकों की भूमिका और भी अहम हो गई है। श्री राय ने आई क्रिएट अकैडमी के शिक्षकों की समर्पण भावना और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।

सम्मान और आभार
कार्यक्रम के दौरान हिंदी साहित्य भारती के पदाधिकारियों व सदस्यों ने शिक्षकों को स्मृति चिन्ह और गिफ्ट प्रदान कर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों ने भी शिक्षकों के प्रति आभार प्रकट किया और उनके मार्गदर्शन की भूमिका को समाज के लिए प्रेरक बताया।
इन शिक्षकों को मिला सम्मान
समारोह में शिक्षक संजीव कुमार, घनश्याम सोनी, राकेश कुमार राय और शिक्षिकाएं अंकित राज, सुमित्रा कुमारी, अंकिता मुखर्जी, अरुणिमा कुमारी, स्मृति साहू, प्रीति कुमारी, प्रियंका राय, सोमा कुमारी, नेहा तिवारी, अपूर्वा साकेत पांडे आदि शामिल रहे। समारोह का पूरा वातावरण सम्मान और कृतज्ञता की भावना से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और नैतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में हिंदी साहित्य भारती की कमान संभालेंगे अजय राय

