अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली 6 साल बाद फिर से क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष बन गए हैं। कोलकाता में हुई 94वीं वार्षिक बैठक में उन्हें निर्विरोध चुना गया। गांगुली ने ऐलान किया कि उनके कार्यकाल का बड़ा लक्ष्य ईडन गार्डन्स की दर्शक क्षमता को 68 हजार से बढ़ाकर 1 लाख करना होगा। यह काम आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के बाद शुरू किया जाएगा।
ईडन गार्डन्स में बड़े मैच लाने की कोशिश
गांगुली का मानना है कि कोलकाता जैसे क्रिकेट-प्रेमी शहर को वर्ल्ड कप जैसे मेगा इवेंट में बड़े मैचों की मेजबानी मिलनी चाहिए। इसलिए वे खुद प्रयास करेंगे कि भारत में होने वाले टूर्नामेंट में ईडन गार्डन्स को महत्वपूर्ण मुकाबले दिए जाएं।
पहले भी निभा चुके कई अहम जिम्मेदारियां
गांगुली इससे पहले 2015 से 2019 तक CAB अध्यक्ष रहे। इसके बाद 2019 से 2022 तक वे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष बने। इसके अलावा वे 2021 में ICC मेंस क्रिकेट कमेटी के अध्यक्ष बने, जहां उन्होंने अनिल कुंबले की जगह ली। गांगुली कई बार कोच चयन समिति (CAC) का भी हिस्सा रह चुके हैं।
फ्रेंचाइजी क्रिकेट में नई पारी
हाल ही में गांगुली SA20 लीग के चौथे सीजन में प्रिटोरिया कैपिटल्स के हेड कोच बने हैं। यह उनका किसी फ्रेंचाइजी टीम के साथ हेड कोच का पहला अनुभव है। इससे पहले वे IPL में दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं।
दादा का शानदार क्रिकेट करियर
गांगुली ने 1992 में वनडे और 1996 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने 113 टेस्ट में 7212 और 311 वनडे में 11,363 रन बनाए। उनकी कप्तानी में भारत ने कई ऐतिहासिक जीत दर्ज की और 2003 वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचा। 2008 में उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
इसे भी पढ़ें : धुआं-धुआं हो गया जमशेदपुर का यह इलाका… जानें कैसे

