अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अंजनी प्लांट नामक एक प्लास्टिक ग्लास बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। पूरा इलाका धुआं-धुआं हो गया।
काले धुएं से दहशत का माहौल
फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कच्चा माल मौजूद था, जिससे आग तेजी से फैल गई। चारों ओर काले धुएं का गुबार फैलने लगा, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
दमकल की कोशिशें जारी
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोग भी दमकलकर्मियों की मदद में जुट गए। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था।
भारी नुकसान का अंदेशा
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में फैक्ट्री संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इसे भी पढ़ें : ऊर्जा कर्मियों की आवाज बुलंद करते रहेंगे अजय राय, फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी

