अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार अब अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के मानचित्र पर एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करने जा रहा है। राज्य में पहली बार तलवारबाजी विश्व कप का आयोजन होने जा रहा है, जिसकी मेजबानी ऐतिहासिक शहर राजगीर करेगा। जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में होने वाले कैडेट और जूनियर बालक-बालिका तलवारबाजी विश्व कप में करीब 25 से 28 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस बड़े आयोजन को लेकर गुरुवार को पटना में खेल विभाग और महासंघ के पदाधिकारियों के बीच अहम बैठक हुई, जिसमें इस पर अंतिम मुहर लगा दी गई है।
राजगीर में बनेगा तलवारबाजी का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि एशियाई तलवारबाजी महासंघ के महासचिव और भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने गुरुवार को बिहार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात कर राज्य में तलवारबाजी के विकास और विस्तार पर चर्चा की। इसके बाद कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में भी एक विस्तृत बैठक हुई। इस बैठक में न केवल विश्व कप की मेजबानी पर सहमति बनी, बल्कि राजगीर में तलवारबाजी के लिए एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू करने का भी फैसला लिया गया। इस केंद्र के खुलने से राज्य के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।

जमीनी स्तर पर तैयार होंगे नए खिलाड़ी और कोच
बिहार में इस खेल को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और भारतीय तलवारबाजी महासंघ मिलकर काम करेंगे। योजना के तहत पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर नई खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी। इसके अलावा स्थानीय कोचों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने और तकनीकी अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। इन प्रयासों का मुख्य मकसद राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है, ताकि वे बड़े मंचों पर पदक जीत सकें।

बोधिवृक्ष का पौधा भेंट कर किया गया स्वागत
बैठक के दौरान भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं, रवीन्द्रण शंकरण ने अतिथियों को बिहार की गौरवशाली विरासत, ज्ञान और शांति के प्रतीक बोधिवृक्ष का पौधा भेंट किया। इस मौके पर गुजरात तलवारबाजी संघ के महासचिव भरत भी मौजूद रहे। राजगीर में विश्व कप के आयोजन और उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना से अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में बिहार की साख और मजबूत होगी।
इसे भी पढ़ें : बिहार में उद्योग लगाने की राह आसान : बियाडा ने 33 इकाइयों को दी 64.23 एकड़ जमीन, 915 करोड़ से ज्यादा का होगा निवेश






