अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के युवाओं के लिए बड़ा फैसला किया है। नगर विकास-आवास विभाग ने 15,628 पदों पर नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें से 11,244 पदों पर सीधी बहाली होगी। विभागीय मंत्री जीवेश कुमार ने कहा कि इस पहल से हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसर मिलेगा।
शहरीकरण ने बढ़ाई जरूरत
राज्य में पिछले एक दशक में शहरीकरण तेज़ी से बढ़ा है। 2011 की जनगणना में जहां शहरी आबादी 10.87% थी, वहीं अब यह 15.25% हो चुकी है। नगर निकायों की संख्या भी 142 से बढ़कर 264 हो गई है। ऐसे में शहरी क्षेत्रों के कामकाज और मॉनिटरिंग को सुचारू रखने के लिए इन पदों का सृजन किया गया है।
किन विभागों में होगी बहाली
नए पद प्रशासनिक प्रभाग, स्वच्छता और अवसंरचना प्रभाग, नगर प्रबंधन, जल आपूर्ति, सड़क योजना और नगर नियोजन जैसे अहम क्षेत्रों में सृजित किए गए हैं। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में भी नियुक्तियां होंगी।
प्रमुख पदों का विवरण
विभागीय आंकड़ों के अनुसार –
सीएमडी, जीआईएस और ड्राफ्ट्समैन के 246 पद
विधि सहायक, सहायक पदाधिकारी और विधि पदाधिकारी के 263 पद
कार्यपालिका पदाधिकारी के 59 पद और नगर प्रबंधक के 26 पद
सहायक टाउन प्लैनिंग परीक्षा के 107 पद (36 रिक्त)
सहायक नगर पालिका योजना पदाधिकारी और नगर पालिका योजना पदाधिकारी के 62 पद
बिहार एकीकृत शहरी अभियंत्रण संगठन में 893 पद
युवाओं और शहरी ढांचे को मिलेगा लाभ
सरकार का कहना है कि इन नियुक्तियों से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि शहरी निकायों की योजनाओं को भी गति मिलेगी। जल आपूर्ति, स्वच्छता और सड़क जैसी बुनियादी सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने में यह पहल अहम साबित होगी।
इसे भी पढ़ें : रेलवे का बड़ा फैसला : कई ट्रेनें शॉर्ट-टर्मिनेट और डायवर्ट, कई री-शेड्यूल

