अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : धनबाद जिले के जोगता थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिजुआ स्थित न्यू साइडिंग नंबर वन कॉलोनी में एक ही परिवार के तीन सदस्य संदिग्ध हालात में मृत पाए गए। मृतकों में 26 वर्षीय राजा अंसारी, उनकी पत्नी 21 वर्षीय अमीना खातून और उनकी दो वर्षीय बेटी मायरा शामिल हैं।
पुलिस ने कब्जे में लिए शव
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर एसएनएमएमसीएच पोस्टमार्टम हाउस भेजा। फिलहाल परिवार का कोई सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा, जिस कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया रुकी हुई है। पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।
किराए के मकान में रह रहा था परिवार
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा अंसारी कुछ ही दिन पहले अपनी पत्नी और बेटी के साथ किराए के घर में रहने आए थे। वह पहले अपने माता-पिता के साथ रहते थे और राजमिस्त्री का काम करते थे। मंगलवार की रात वह काम से लौटे थे और घर पर सब्जियां भी लाए थे।
घर से मिला संदिग्ध सामान
घटना स्थल से पुलिस को प्लास्टिक की थैलियों में भरी सब्जियां और एक पीला तरल पदार्थ मिला है। जिस जगह अमीना खाना बना रही थी, वहां हीटर भी चालू मिला।
करंट लगने की आशंका
पुलिस का मानना है कि प्रथम दृष्टया तीनों की मौत करंट लगने से हुई हो सकती है। आशंका है कि बच्ची हीटर के संपर्क में आई होगी, उसे बचाने में मां और फिर पिता भी करंट की चपेट में आ गए। हालांकि, पुलिस ने साफ कहा है कि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पूरे इलाके में फैली सनसनी
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग दंपती और उनकी बच्ची की मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

