अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बिहार के सारण जिले में लगने वाला सोनपुर मेला, जो एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला माना जाता है, इस बार तय तारीख से कुछ दिन देर से शुरू होगा। पहले इसका उद्घाटन 3 नवंबर को होना था, लेकिन विधानसभा चुनाव की वजह से अब इसे 9 नवंबर से शुरू किया जाएगा। मेला 10 दिसंबर तक चलेगा। जिलाधिकारी अमन समीर ने कहा कि चुनाव और मेला दोनों ही बड़े आयोजन हैं, ऐसे में प्रशासन पहले मतदान की जिम्मेदारी पूरी करेगा।
कार्तिक पूर्णिमा का स्नान पहले ही
कार्तिक पूर्णिमा का पवित्र स्नान 5 नवंबर को होगा। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा-गंडक संगम पर पहुंचकर स्नान करेंगे। दुकानदार भी इसी दिन से अपनी दुकानें सजाना शुरू कर देंगे। इससे उन्हें पहले से ही व्यापार का मौका मिल जाएगा।
सोनपुर मेले का इतिहास
सोनपुर मेले की परंपरा और धार्मिक महत्व बहुत पुराना है। मान्यता है कि गंगा स्नान के दौरान एक बार घड़ियाल ने हाथी पर हमला किया था। हाथी ने भगवान विष्णु को पुकारा और विष्णु ने प्रकट होकर घड़ियाल का वध कर हाथी की रक्षा की। तभी से कार्तिक पूर्णिमा पर यह मेला लगता आ रहा है। पहले यहां हाथियों की खरीद-बिक्री भी होती थी, लेकिन अब यह वन्यजीव कानून के कारण बंद है। इसके बावजूद लाखों लोग यहां दूर-दूर से आते हैं।
इस बार की खास तैयारियां
पर्यटन विभाग ने इस बार मेले को और आकर्षक बनाने के लिए स्विस कॉटेज और कैंप लगाने की योजना बनाई है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक आराम से रह सकें। साथ ही नाव दौड़, कुश्ती और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पटना से सिर्फ 25 किलोमीटर की दूरी पर होने के कारण यहां पहुंचना बेहद आसान है।
इसे भी पढ़ें : राजमिस्त्री, बीवी और मासूम बेटी की घर में मिली लाश, तफ्तीश शुरू



