अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : दिवाली और छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए रांची रेल मंडल शुक्रवार से राजधानी रांची से विभिन्न शहरों के लिए 38 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने जा रहा है। यह जानकारी रांची रेल मंडल के डीआरएम करूणानिधि सिंह ने गुरुवार को दी। डीआरएम ने हटिया स्थित अपने कार्यालय में फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्यों से चर्चा करते हुए बताया कि यात्रियों की सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
बैठक में रेलवे परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) के प्रतिनिधि संजय अखौरी ने यात्रियों से जुड़े सुझाव और उनकी आवश्यकताओं पर चर्चा की। अखौरी ने कहा कि रांची से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए कनेक्टिविटी को और मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बढ़ती यात्रियों की संख्या और औद्योगिक विकास को ध्यान में रखते हुए नई ट्रेनों की शुरुआत, ठहराव बढ़ाने और कोच सुधार जैसे कदम जरूरी हैं।
यात्री सुविधाओं में सुधार
डीआरयूसीसी ने सुझाव दिया कि वरिष्ठ नागरिकों को फिर से रियायत दी जाए और दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेशन पर निःशुल्क सुविधाएं बहाल की जाएँ। इसके अलावा कुलियों की कमी को दूर करना और स्टेशन स्तर पर सुविधाओं की नियमित समीक्षा भी जरूरी है।
मुख्य सुझाव
चेंबर ऑफ कॉमर्स ने रेलवे प्रशासन से कई सुझाव दिए, जिनमें शामिल हैं :
- रांची-नई दिल्ली गरीब रथ का ठहराव टुंडला स्टेशन पर किया जाए।
- रांची-अनंद विहार टर्मिनल का विस्तार जयपुर तक किया जाए।
- रांची से लखनऊ वाया अयोध्या सीधी ट्रेन।
- गंगा सतलज एक्सप्रेस का विस्तार धनबाद से रांची तक।
- हटिया-सांकी का विस्तार हजारीबाग टाउन तक।
- रांची-नई दिल्ली राजधानी ट्रेन का परिचालन सप्ताह में दो दिन वाया बरकाकाना।
- रांची-हावड़ा नई ट्रेन वाया बरकाकाना-हजारीबाग-कोडरमा।
- रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन का परिचालन सप्ताह में तीन दिन।
- शक्तिपुंज एक्सप्रेस की समय-सारणी में बदलाव।
- हटिया-बंगलुरू वाया रोजाना सुपरफास्ट वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन।
- पुराने एलएचबी कोच और अन्य कोचों में बेसिन, इंजन रूम फिटिंग, मोबाइल चार्जर पॉइंट की जांच और मरम्मत।
डीआरएम क्या बोले…
डीआरएम करूणानिधि सिंह ने झारखंड चेंबर के सुझावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि रांची से लखनऊ-अयोध्या ट्रेन, धनबाद-सतलज का विस्तार रांची तक, आनंद विहार टर्मिनल का विस्तार जयपुर तक और रांची-रायपुर वंदे भारत नई ट्रेन चलाने पर भी विचार किया जा रहा है।
बैठक में वरिष्ठ डीसीएम शुचि सिंह सहित रांची रेल मंडल के अन्य उच्च अधिकारी और डीआरयूसीसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : त्योहार की खुशबू में घुली मिलावट की बू… दो फैक्ट्रियों से 1230 किलो मिठाई जब्त

