अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Banka (Bihar): जिले के मल्लिकटोला इलाके में राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष परवेज अहमद के घर में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। परवेज अपने परिवार के साथ विधानसभा टिकट के सिलसिले में पटना गए हुए थे, उसी दौरान चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया।
रसोई की खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर
पुलिस के मुताबिक चोरों ने घर की रसोई की खिड़की काटकर अंदर प्रवेश किया और एक-एक कर छह कमरों के दरवाजे व ताले तोड़ डाले। घर के गोदरेज, अलमारी और बक्सों की तलाशी लेकर करीब पांच लाख रुपये के गहने और नकदी चुरा ली गई। चोरों ने घर के चौखट तक को नुकसान पहुंचाया।
मोहल्ले वालों ने दी सूचना
सुबह मोहल्ले के लोगों ने टूटे ताले देखे तो तुरंत परवेज को फोन कर जानकारी दी। परवेज पटना से लौटे तो घर की हालत देखकर हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि चोरी गए सामान की सही जानकारी उनकी पत्नी के लौटने के बाद ही मिल सकेगी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Also Read: बिहार विस चुनाव 2025 : कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी, 5 नामों का ऐलान

