अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर झारखंड के मौसम पर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को राज्य के 17 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। रविवार को ही छठ महापर्व का खरना पूजा है। मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से के सात जिलों को छोड़कर बाकी 17 जिलों में बारिश के आसार हैं। यह दबाव वर्तमान में पोर्ट ब्लेयर से करीब 440 किमी पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित है और धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।
चक्रवात बनने की संभावना, रविवार तक असर
विभाग ने अलर्ट किया है कि यह निम्न दबाव रविवार तक गहरे दबाव में और 27 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके 28 अक्टूबर तक आंध्र प्रदेश के तट (मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच) को पार करने की संभावना जताई गई है।
झारखंड के मौसम में दिखा बदलाव
शनिवार को रांची में सुबह से बादल छाए रहे, हालांकि दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। बादल छाने की वजह से दिन में हल्की गर्मी महसूस की गई। पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 34.4 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री, जमशेदपुर व डालटेनगंज में 33.6 डिग्री, बोकारो में 33.1 डिग्री और चाईबासा में 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इसे भी पढ़ें : बंगाल की खाड़ी में उठ रहा तूफान, इन दो राज्यों के तट पर बढ़ा खतरा

