अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची की ठंडी रात थी। घड़ी में समय रांत के करीब साढ़े दस बज रहे थे। ज़्यादातर लोग अपने घरों में नींद की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस की नजरें उस ट्रक पर थीं जो एनएच-39 पर किसी गुप्त मंजिल की ओर बढ़ रहा था। रजिस्ट्रेशन नंबर NL01AH-5510 वाला वह ट्रक बाहर से साधारण दिख रहा था, जैसे किसी खेत से निकला सड़ा चावल ले जा रहा हो। लेकिन उस ट्रक में सड़ांध नहीं, बल्कि युवाओं को बर्बादी की राह पर धकेलने वाला जहर भरा था… 13,400 बोतल फेंसिडिल कफ सिरप।
यूपी क्राइम ब्रांच से मिला क्लू
रात 10:30 बजे रांची के पुलिस कप्तान राकेश रंजन को UP क्राइम ब्रांच से सूचना मिली कि भारी मात्रा में अवैध फेंसिडिल रांची जिले से होकर गुजरने वाला है। यह खबर मामूली नहीं थी। ऐसे नेटवर्क अकसर राज्य की सीमाओं को पार कर नशे की खेप को आगे बढ़ाते हैं। एसएसपी ने देर किए बिना कार्रवाई की। रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व और डीएसपी खलारी राम नारायण चौधरी की देखरेख में टीम बनी। टास्क मिला कि ट्रक को किसी भी कीमत पर पकड़ा जाएगा।
टांगरबसली मोड़ पर शुरू हुई चेकिंग
एनएच-39 के टांगरबसली मोड़ पर पुलिस ने चेकिंग लगाई। करीब आधी रात, हेडलाइट्स की चमक के साथ ट्रक आता दिखा। पुलिस ने इशारा किया तो चालक ने पहले रफ्तार कम की, फिर रुक गया। पूछने पर उसने सहजता से कहा कि “सड़ा हुआ चावल लदा है साहब।” लेकिन पुलिस की नजर उस साधारण जवाब से आगे देख रही थी। बोरियों की जांच शुरू हुई। ऊपर की कुछ बोरियों में सचमुच चावल थे, लेकिन जब नीचे तक पहुंचा गया तो सफेद प्लास्टिक की 134 बंद बोरियां नजर आईं। हर बोरी में दर्जनों बोतलें… एक ही नाम के साथ, PHENSEDYL 100 ML। उस पल हर कोई समझ गया कि मामला बड़ा है।
ड्रग इंस्पेक्टर पहुंचे, खुला जाल
ड्रग इंस्पेक्टर अमित कुमार मौके पर पहुंचे। बोतलें खोली गईं, लेबल पढ़े गए। लेबल पर लिखा था Manufactured by Abbott Healthcare Pvt. Ltd., Baddi (Himachal Pradesh), बैच नंबर PHD24542, निर्माण तिथि दिसंबर 2024, एक्सपायरी फरवरी 2026। हर बोतल की कीमत लगभग ₹226 थी। कुल मिलाकर यह करीब 30 लाख का माल साबित हुआ। जब चालक से वैध कागजात मांगे गए तो उसके पास कुछ भी नहीं था। वह सिर्फ इतना कह सका कि उसे माल नेवरी तक पहुंचाना था। वहां उसे ट्रक दूसरे ड्राइवर को हैंडओवर कर देना था। इसके बाद ट्रक को कहां जाना था, यह उसे भी नहीं पता था।
मुंबई के महाराष्ट्र का रहने वाला है ड्राइवर
गिरफ्तार आरोपी का नाम वसीम निजाम शेख (उम्र 40 वर्ष) है। वह मुंबई के जोगेश्वरी ईस्ट का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, वह ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करता था, लेकिन लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ था। उसके चेहरे पर थकान थी, शायद यह पहली बार था जब उसका “सड़क पर चलने वाला कारोबार” पुलिस की आंखों में ठहर गया।
रंग लाई रांची पुलिस की मेहनत
पूरी कार्रवाई में डीएसपी खलारी राम नारायण चौधरी, ड्रग इंस्पेक्टर अमित कुमार, मांडर थानेदार मनोज करमाली, एसआई बिरजु कुमार साव, रंजीत किशोर, सिपाही सुधीर कुमार सिंह, ब्रजेश महतो, जगदीश राम और सुनील पासवान की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस की नजर अब नेटवर्क पर
रांची पुलिस ने ट्रक और माल को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह साफ हुआ है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा था। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह सिरप कहां से लाया गया और किसे डिलीवर होना था। क्या बता गये रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर… देखें
UP क्राइम ब्रांच से मिला क्लू और रांची में धरा गया ‘जहर’ का जखीरा, क्या बता गया रुरल SP प्रवीण पुष्तक क्या बता गये… देखें pic.twitter.com/gXjnP40tPf
— News Samvad (@newssamvaad) November 2, 2025
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने नेमनारायण महतो को दी श्रद्धांजलि, बोले- उनका जीवन प्रेरणा है

