अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी के दानापुर विधानसभा क्षेत्र के दियारा इलाके में बीती देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। मानस नया पानापुर 42 पट्टी गांव में इंदिरा आवास योजना के तहत बने पुराने मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त गृहस्वामी बबलू खान (32), उनकी पत्नी रौशन खातून (30), बेटी रूकशार (12), बेटा मो. चांद (10) और सबसे छोटी बेटी चांदनी (2) तौर पर की गई हैं।
रात में सोते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार परिवार ने खाना खाने के बाद रात में सोया ही था कि अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद पांचों डेड बॉडी को बाहर निकाला गया। पंचायत के मुखिया वकील राय ने मीडिया को बताया कि हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।
जर्जर मकान बना मौत का कारण
ग्रामीणों ने बताया कि यह मकान कुछ वर्ष पहले इंदिरा आवास योजना के तहत बनाया गया था, लेकिन इसमें पहले से ही दरारें आ चुकी थीं। बबलू खान परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और आर्थिक तंगी के कारण मकान की मरम्मत नहीं करा सका। इसी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
प्रशासन ने शुरू की जांच
थानेदार ने बताया कि सभी बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। पूर्व प्रधान सीपी सिंह ने कहा कि दियारा क्षेत्र में कई पुराने मकान जर्जर स्थिति में हैं, जिन्हें समय रहते मरम्मत न की गई तो ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं।
ग्रामीणों की मांग
यह हादसा पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल गया है। ग्रामीणों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए पुराने मकानों का निरीक्षण और मजबूतीकरण जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : पाकुड़ से उठी साइबर सुरक्षा की अलख, यूनेस्को भी हुआ मुरीद

