अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से मंगलवार को झारखंड राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के उपलक्ष्य में “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के साथ ही मुख्यमंत्री ने झारखंड रजत जयंती समारोह और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के कार्यक्रमों की भी औपचारिक शुरुआत की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “झारखंड का 25वां वर्ष गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है। यह राज्य हमारे पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान से बना है। ‘रन फॉर झारखंड’ एकता और विकास की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।”
इस मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सी. सिंह, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, विद्यार्थी, खिलाड़ी और नागरिक शामिल हुए।
मोरहाबादी मैदान में पूरे कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा, उत्साह और एकता का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पूरे झारखंड में उत्सवपूर्वक मनाया जाएगा।
Also Read : लाल किला के पास धमाका से पहले गुजरी थी संदिग्ध i20 कार

