अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : दिल्ली के सुभाष मार्ग पर हुआ भीषण कार धमाका राजधानी को हिला गया। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए इस विस्फोट में 10 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 24 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां जलकर राख हो गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
धमाके से पहले का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
धमाके से ठीक पहले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक सफेद हुंडई i20 कार ट्रैफिक में धीरे-धीरे आगे बढ़ती दिख रही है। कार का ड्राइवर काला मास्क पहने था और उसका हाथ खिड़की से बाहर था। बताया जा रहा है कि ड्राइवर का नाम मोहम्मद उमर हो सकता है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फुटेज के मुताबिक यह वीडियो शाम 6:50 बजे का है, जबकि धमाका 6:52 बजे हुआ।
धमाके की तीव्रता से हिला इलाका
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि छह कारें, दो ई-रिक्शा और एक ऑटोरिक्शा पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आसपास खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और मानव अंग सैकड़ों मीटर दूर तक बिखर गए। धमाके की आवाज लगभग ढाई किलोमीटर दूर आईटीओ तक सुनी गई।
जांच एजेंसियां सक्रिय, आतंकी हमले की आशंका
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे और विस्फोट की प्रकृति को देखते हुए आतंकी हमले की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।
गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर एनएसजी, एनआईए, एफएसएल, दिल्ली पुलिस और खुफिया ब्यूरो की टीमें जांच में जुट गई हैं। धमाके की जांच हर एंगल से की जा रही है।
राहत और बचाव कार्य
दमकल विभाग की 10 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और शाम 7:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया भयावह नजारा
चांदनी चौक ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय भार्गव ने बताया कि उनका कार्यालय धमाके की जगह से करीब 800 मीटर दूर है, फिर भी पूरी इमारत हिल गई थी। एसोसिएशन द्वारा साझा किए गए वीडियो में विस्फोट के बाद का भयावह दृश्य देखा जा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय मदद की पेशकश
इस बीच, अमेरिका ने भारत को जांच में सहयोग की पेशकश की है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर हाई अलर्ट पर रखा है और संभावित आतंकी कनेक्शन की जांच की जा रही है।
राजधानी के दिल में हुए इस धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।

