अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर में शनिवार शाम एक जेवर कारोबारी पर गोली चलने की घटना से पूरे शहर में दहशत फैल गई। यह वारदात मुख्य सड़क पर स्थित एक जिम सेंटर के पास शाम करीब 7 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, शहर के जाने-माने जेवर कारोबारी दीपक राज सोनी रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। जैसे ही वे जिम सेंटर के पास पहुँचे, एक अपाची बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक उन्हें रोकने की कोशिश करने लगे। दीपक सोनी ने किसी तरह संभलने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने बिना कुछ बोले उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली उनके बाएं हाथ और दाएं जांघ में लगी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े।
लूट की कोशिश भी नाकाम
हमलावर गोलियों की आवाज के बीच उनके पास मौजूद बैग लूटने की कोशिश करते रहे, लेकिन सफल नहीं हो पाए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश इतनी हड़बड़ाहट में थे कि अपना हथियार और कारतूस वहीं छोड़कर बाइक से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
गोली लगने के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुँचे। घायल जेवर कारोबारी को अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस को मिले सुराग, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद और थानेदार उपेंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से बरामद हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि तीनों हमलावरों की पहचान की जा सके।
शहर के व्यापारियों में डर, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद शहर के व्यापारियों में डर का माहौल है। सभी ने प्रशासन से शहर में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : DC और SP हुए सख्त, कोयला-बालू माफिया निशाने पर

