अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के जेएससीए स्टेडियम में आज यानी रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा और दोनों टीमें दोपहर 12 बजे तक स्टेडियम पहुंच जाएंगी। दर्शकों के लिए प्रवेश सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक रहेगा।
मौसम का हाल : कोहरा और बादल, बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार सुबह हल्का कोहरा रहेगा और दिन में बादल छाए रहेंगे। बारिश की कोई संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ओस मैच पर बड़ा असर डाल सकती है। दूसरी पारी में बल्लेबाजों को कुछ दिक्कत हो सकती है।
तीन साल बाद रांची में वनडे
तीन साल बाद रांची में वनडे मैच हो रहा है, जिससे दर्शकों में उत्साह चरम पर है। सभी टिकट सिर्फ दो दिन में ही बिक गए। मैच को देखते हुए शहर को अलर्ट मोड में रखा गया है। लाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए चार हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
यातायात में बदलाव
रविवार सुबह से स्टेडियम की ओर जाने वाले मार्गों पर भीड़ की संभावना के कारण ट्रैफिक प्लान बदला गया है। पुलिस और प्रशासन ने अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं ताकि भीड़ और यातायात दोनों को नियंत्रित रखा जा सके।
पिच रिपोर्ट : बल्लेबाजों के लिए अनुकूल
जेएससीए स्टेडियम की पिच आमतौर पर धीमी रहती है। क्रिकेट कोच चंचल भट्टाचार्य के अनुसार, शुरुआती ओवरों में हल्की सीम मूवमेंट मिलती है और मध्य ओवरों में स्पिनरों को सहायता मिलती है। मैच बढ़ने के साथ पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर होती जाती है। नवंबर माह में ओस बड़ा कारक बनती है। ज्यादा ओस गिरने पर गेंदबाजों को ग्रिप में दिक्कत होती है और बल्लेबाजी आसान हो जाती है। इस वजह से टॉस मैच का रुख तय कर सकता है। अब तक इस मैदान पर छह वनडे खेले गए हैं, जिनमें भारत ने तीन मैच चेज करते हुए जीते हैं।
खाने-पीने और पार्किंग की व्यवस्था
स्टेडियम में हर विंग में खाने-पीने के स्टॉल लगाए गए हैं। एक बार प्रवेश करने के बाद बाहर जाने और दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। पार्किंग के लिए 10 स्थान तय किए गए हैं – सखुआ बागान, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, नेहरू स्टेडियम, मियां मार्केट, संत थॉमस स्कूल के पास, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलीपैड मैदान। दर्शकों से अनुरोध किया गया है कि टिकट पर दिए गए गेट से ही प्रवेश करें। नवजात शिशु के लिए भी अलग टिकट आवश्यक होगा।
स्टेडियम में प्रतिबंधित सामान
नीचे दिए गए सामान स्टेडियम में ले जाना मना है :
- कांच और प्लास्टिक की बोतलें
- सिगरेट, माचिस और ज्वलनशील पदार्थ
- धातु के कंटेनर, हथियार, हेलमेट
- खाना, शराब
- डीएसएलआर कैमरा, वीडियो रिकॉर्डर
- तंबाकू उत्पाद
इसे भी पढ़ें : जेवर कारोबारी को सरेराह गोलियों से भूना, शहर दहला

