अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार को श्रद्धांजलि प्रस्ताव के साथ शुरू हुआ। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि पिछले सत्र के बाद देश और राज्य ने राजनीति, कला, साहित्य, प्रशासन और समाज सेवा के कई बड़े नाम खो दिए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सदन की ओर से इन आत्माओं को नमन किया।
धर्मेंद्र से लेकर सत्यपाल मलिक तक कई हस्तियों को याद किया गया
सदन में हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता धर्मेंद्र, गोड्डा के पूर्व सांसद सलाउद्दीन अंसारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जायसवाल, मेघालय के पूर्व मुख्यमंत्री डीडी लपांग और कई राज्यों के पूर्व गर्वनर सत्यपाल मलिक को श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही ओडिशा के वरिष्ठ नेता जार्ज तिर्की और पद्म भूषण डॉ. एकनाथ वसंत चिटनिस समेत कई वरिष्ठ हस्तियों को भी याद किया गया।
उद्योग, खेल और सिनेमा जगत की हस्तियों को भी नमन
सदन ने झारखंड के उद्योगपति रामचंद्र रूंगटा, हिंदूजा ग्रुप के अध्यक्ष गोपीचंद हिंदूजा, पूर्व महालेखाकार और समाजसेवी बेंजामिन लकड़ा, जेओए के उपाध्यक्ष और पूर्व आईएएस बीसी ठाकुर को श्रद्धांजलि दी। सिनेमा जगत से पंडित छन्नूलाल मिश्र, अभिनेत्री कामिनी कौशल, अभिनेता असरानी, पंकज धीर और सतीश शाह को नमन किया गया। कन्नड़ लेखक एसएल भैरप्पा और चंदनकियारी के शहीद जवान मिलन सिंह राजपूत को भी याद किया गया।
देश और दुनिया की घटनाओं में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके, मक्का–मदीना रोड पर बस दुर्घटना, सियाचिन और सारंडा में तैनात जवानों की शहादत को सदन ने याद किया। पलामू में उग्रवादियों से मुठभेड़ में शहीद दो जवानों, कतरास में मजदूरों की मौत, उत्तर भारत में भूस्खलन और भारी बारिश में जान गंवाने वालों को भी श्रद्धांजलि दी गई। आंध्र प्रदेश के काशीबुग्गा मंदिर हादसे और बिहार में छठ पर्व के दौरान हुई 83 मौतों को भी सदन ने दुखपूर्वक याद किया।
सदन की कार्यवाही 8 दिसंबर तक स्थगित
शोक प्रस्ताव पर चर्चा के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही को 8 दिसंबर सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
शीतकालीन सत्र के लिए सभापति मनोनित
सत्र के लिए स्टीफन मरांडी, सीपी सिंह, निरल पूर्ति, रामचंद्र सिंह और डॉ. नीरा यादव को सभापति नियुक्त किया गया। यह घोषणा अध्यक्ष ने सदन में की।
कार्यमंत्रणा समिति का गठन
अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में बनी इस समिति में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राधाकृष्ण किशोर, बाबूलाल मरांडी, प्रदीप यादव, निरल पूर्ति और अरूप चटर्जी को सदस्य बनाया गया है। आमंत्रित सदस्यों में दीपक बिरूआ, मथुरा महतो, स्टीफन मरांडी, सरयू राय, सुरेश पासवान, नवीन जायसवाल, जर्नादन पासवान, बसंत सोरेन, नीरा यादव, कल्पना सोरेन, निर्मल महतो और जयराम महतो शामिल किए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : झारखंड विस का शीतकालीन सत्र : अध्यक्ष ने विकास और जनहित पर दिया जोर



