अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Latehar : लातेहार पुलिस ने रविवार को प्रतिबंधित संगठन PLFI से जुड़े उग्रवादी लोकेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। वह पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से लातेहार के हेरहंज इलाके में सक्रिय था।
ठेकेदारों से लेवी वसूली की मिल रही थी शिकायत
थानेदार कृष्ण पाल सिंह पवैया ने प्रेस वार्ता में बताया कि लोकेंद्र यादव क्षेत्र में काम कर रहे ठेकेदारों को धमकाकर उनसे लेवी मांग रहा था। इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने एक विशेष टीम बनाई।
गुप्त सूचना पर हेरहंज-पांकी रोड से दबोचा गया
रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लोकेंद्र उसी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हेरहंज-पांकी रोड से उसे गिरफ्तार कर लिया।
नौ से अधिक मामलों में था वांछित
पुलिस के अनुसार, लोकेंद्र यादव पर लातेहार और पलामू जिलों के विभिन्न थानों में नौ से अधिक उग्रवादी घटनाओं के मामले दर्ज हैं। वह पहले टीएसपीसी संगठन से जुड़ा हुआ था और इस वजह से जेल भी जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने PLFI में शामिल होकर फिर से उग्रवादी गतिविधियां शुरू कर दी थीं।
इसे भी पढ़ें : भैरव सिंह सहित चार को पुलिस ने दबोचा, लोडेड कारबाइन और पिस्टल जब्त

