अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने संगठित अपराध पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बुंडू में कुछ अपराधी किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस कप्तान अंजनी अंजन के निर्देश पर बड़कागांव एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई।
बुंडू पुल के पास वाहन जांच दौरान संदिग्ध पकड़े गए
06 दिसंबर की शाम पुलिस टीम बुंडू पुल के पास जांच कर रही थी। इसी दौरान बुंडू से कोले जाने वाली सड़क के किनारे चार संदिग्ध युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस ने तुरंत पीछा कर चारों को पकड़ लिया। गिरफ्तार लोगों में अर्जुन करमाली उर्फ जयकांत उर्फ भैरव सिंह, समीक कुमार, राहुल कुमार और निखिल विश्वकर्मा शामिल हैं।
अर्जुन करमाली कई मामलों में वांछित, भैरव सिंह के नाम से करता था अपराध
पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी अर्जुन करमाली भैरव सिंह के नाम से भी अपराध करता था और क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय था। पुलिस के अनुसार वह कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है। कुछ दिन पहले 23 नवंबर 2025 को भी उसके घर से 7.62 एमएम की रायफल और गोलियां बरामद की गई थीं।
छापेमारी में हथियार और आपत्तिजनक सामान बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान इनके पास से कारबाइन मशीन गन, तीन पिस्टल, नौ जिंदा गोलियां, आठ मोबाइल फोन, दो मोबाइल बैटरियां, दो राउटर जिनमें सिम लगा था और एक स्मार्ट वॉच बरामद की है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनके साथ और कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : जब विज्ञान मिला संवेदनाओं से… ISGCON 2025 में डॉ. जयंत घोष की प्रेरक कहानी

