अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा के दौरान एक फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया। आरोपी अपने जीजा की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। बायोमेट्रिक जांच के दौरान पहचान में गड़बड़ी सामने आते ही मामला पकड़ में आ गया। पुलिस के अनुसार, जवाहर प्रसाद नामक अभ्यर्थी की जगह उसका साला लालू कुमार उर्फ अनीश कुमार परीक्षा केंद्र पहुंचा था। आरोपी ने जीजा के दस्तावेजों के आधार पर परीक्षा देने की कोशिश की।
बायोमेट्रिक जांच में खुला राज
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की नियमित बायोमेट्रिक जांच हो रही थी। इसी दौरान आरोपी के फिंगरप्रिंट और रिकॉर्ड का मिलान नहीं हो पाया। शक होने पर केंद्र कर्मियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने जीजा के बदले परीक्षा देने आया था। आरोपी बिहार के गया जिले का रहने वाला है।
मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और परीक्षा में कदाचार से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : ससुराल के कमरे में मिली नवविवाहिता की बॉडी, 6 महीने पहले हुई थी शादी



