अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : नेशनल हेराल्ड मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार किया। इसके बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया।
अदालत ने कहा, चार्जशीट केवल निजी शिकायत पर आधारित
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ED की चार्जशीट एक निजी शिकायत और मजिस्ट्रेट के संज्ञान लेने पर आधारित थी। कोर्ट के अनुसार, मनी लॉन्ड्रिंग का अपराध तभी बनता है जब सक्षम जांच एजेंसी द्वारा इसकी जांच दर्ज की जाए।
कांग्रेस का बयान : हमेशा सत्य की जीत होती है
कांग्रेस के नेताओं ने अदालत के फैसले को सत्य की जीत बताया। उनका आरोप है कि भाजपा राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के चलते ED के माध्यम से राहुल गांधी और सोनिया गांधी को परेशान करने की कोशिश कर रही थी। अदालत के फैसले से यह साफ हो गया कि सत्य की हमेशा जीत होती है।
घेराव और सुरक्षा प्रबंध
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हरमू स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने किया। पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विभागीय चेयरमैन और छात्र विंग के नेता व कार्यकर्ता भी इसमें शामिल रहे। जिला प्रशासन ने सुरक्षा में तैनात बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भाजपा कार्यालय के बाहर रखा।
इसे भी पढ़ें : बालपन बचाने की मुहिम : डिप्टी LADC कविता दे गयीं सशक्त संदेश



