अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Motihari : कई महीनों से पेट में उठता असहनीय दर्द, भूख का खत्म हो जाना और हर दिन बढ़ती कमजोरी। नेपाल की रहने वाली 35 वर्षीय महिला के लिए यह सब उसकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका था। वह समझ नहीं पा रही थी कि आखिर उसके शरीर में ऐसा क्या हो रहा है। घरवालों ने सोचा, शायद गैस या सामान्य पेट की समस्या होगी। कभी घरेलू इलाज हुआ, कभी आसपास के क्लीनिक में दवा ली गई। लेकिन दर्द कम होने के बजाय और बढ़ता चला गया। धीरे धीरे महिला चुप रहने लगी। न ठीक से खाना, न किसी से खुलकर बात।
जब उम्मीद की आखिरी किरण दिखी
लगातार बिगड़ती हालत के बाद महिला को मोतिहारी जिले के रक्सौल स्थित एसआरपी हॉस्पिटल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने पूरी गंभीरता से जांच शुरू की। शुरुआती लक्षण आम बीमारी जैसे ही लग रहे थे, लेकिन दर्द की तीव्रता कुछ और ही कहानी कह रही थी। जब एंडोस्कोपी की गई तो डॉक्टर भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए। महिला के पेट के अंदर बालों का बड़ा गुच्छा जमा था। ऐसा गुच्छा, जो महीनों या शायद सालों में बनता है।
ऑपरेशन थिएटर में खुला चौंकाने वाला सच
स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की एक विशेष टीम बनाई गई। सर्जरी का फैसला आसान नहीं था, लेकिन यही एक रास्ता था। ऑपरेशन के दौरान जब महिला के पेट से करीब डेढ़ किलोग्राम बालों का गुच्छा बाहर निकाला गया, तो पूरा ऑपरेशन थिएटर स्तब्ध रह गया। एसआरपी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सुजीत कुमार बताते हैं कि मेडिकल साइंस में इसे ट्राइकोबेजोआर कहा जाता है। दुनिया भर में अब तक ऐसे गिने चुने मामले ही सामने आए हैं।
एक आदत, जो बीमारी बन गई
डॉक्टरों के मुताबिक यह समस्या अक्सर मानसिक कारणों या बाल खाने की आदत से जुड़ी होती है। कई बार व्यक्ति तनाव या अनजाने में बाल निगलता रहता है। समय के साथ वही बाल पेट में जमा होकर एक ठोस गांठ का रूप ले लेते हैं। इसका असर सीधे पाचन तंत्र पर पड़ता है। इस महिला के मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ। वह खुद नहीं समझ पाई कि कब यह आदत उसकी जिंदगी के लिए खतरा बन गई।
अब राहत की सांस ले रही है महिला
सर्जरी के बाद महिला की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। अब वह ठीक से खाना खा पा रही है और चेहरे पर राहत साफ नजर आती है। परिजनों की आंखों में भी सुकून है, जैसे किसी भारी डर से बाहर निकल आए हों। डॉ. सुजीत कुमार बताते हैं कि एसआरपी हॉस्पिटल में यह तीसरा ऐसा मामला है, जिसे सफल सर्जरी के जरिए ठीक किया गया है। समय पर इलाज न होता तो यह मामला गंभीर रूप ले सकता था।
इसे भी पढ़ें : नई जिम्मेदारी के बाद पहली बार पटना आ रहे नितिन नबीन, करेंगे भव्य रोड शो



