अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन 23 दिसंबर को पहली बार नई दिल्ली से पटना पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
दोपहर 12:30 बजे पटना एयरपोर्ट पर आगमन
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि नितिन नबीन 23 दिसंबर को दोपहर 12:30 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। लंबे समय से कार्यकर्ता उनके स्वागत की तैयारी कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है।
एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल तक रोड शो
एयरपोर्ट से निकलने के बाद नितिन नबीन का भव्य रोड शो होगा। यह रोड शो शेखपुरा हाउस से होते हुए राजवंशी नगर हनुमान मंदिर पहुंचेगा, जहां वे पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद पुनाई चक, पटना उच्च न्यायालय, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और आयकर गोलंबर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
मिलर हाई स्कूल मैदान में अभिनंदन समारोह
रोड शो के समापन के बाद नितिन नबीन मिलर हाई स्कूल मैदान पहुंचेंगे। यहां उनके सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
भरोसे पर खरा उतरने का संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पार्टी ने नितिन नबीन को जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। यह दौरा संगठन के लिए नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा।
इसे भी पढ़ें : नितिन नबीन अब संभालेंगे बीजेपी की कमान, बनाये गये कार्यकारी अध्यक्ष

