अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : साल 2025 अब अपने अंतिम दौर में है। ऐसे में बिहार सरकार के सभी विभाग अपने कामकाज का हिसाब किताब पेश कर रहे हैं। इसी कड़ी में बिहार पुलिस ने भी साल भर की उपलब्धियों का ब्यौरा मीडिया के सामने रखा है।
पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार और अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने वर्ष 2025 में कानून व्यवस्था को लेकर किए गए कार्यों की जानकारी दी।
डकैती और हत्या के मामलों में बड़ी गिरावट
डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि बिहार में गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। जनवरी 2025 से अब तक हत्या के मामलों में 7.72 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं डकैती के मामलों में 24.87 प्रतिशत और दंगों में 17.97 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि यह कमी बिहार पुलिस द्वारा बनाई गई रणनीतियों और सख्त कार्रवाई का नतीजा है। राज्य में लोग पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
3.35 लाख से अधिक अपराधी गिरफ्तार
बिहार पुलिस ने 2025 में अपराध नियंत्रण के तहत बड़ी कार्रवाई की है। डकैती, लूट, दुष्कर्म और अपहरण जैसे मामलों में कुल 3 लाख 35 हजार 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
डीजीपी ने बताया कि संगीन अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने से यह सफलता मिली है।
अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई
अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए बिहार पुलिस ने उनकी अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई की है। वर्ष 2025 में 70 अपराधियों की संपत्ति जब्त की गई है। ये सभी मामले फिलहाल अदालत में लंबित हैं।
इसके अलावा 1419 अपराधियों को संपत्ति जब्ती के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें से 405 मामलों को कोर्ट में भेज दिया गया है। पुलिस का मानना है कि इससे अपराधियों के नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर किया जा सकेगा।
शराबबंदी को लेकर बड़ी बरामदगी
शराबबंदी को लेकर भी बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2025 में पुलिस ने 16.79 लाख लीटर देसी शराब और 16.51 लाख लीटर विदेशी शराब जब्त की है।
इसके साथ ही साम्प्रदायिक हिंसा के 1308, पुलिस पर हमले के 524, भीड़ हिंसा के 58, हर्ष फायरिंग के 64 मामलों सहित कुल 6854 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
बिहार से नक्सलवाद लगभग खत्म
डीजीपी विनय कुमार ने दावा किया कि बिहार में नक्सलवाद अब लगभग समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर पुलिसिंग देना ही विभाग का मुख्य उद्देश्य है।
गंभीर मामलों में 24 से 36 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
महिला सुरक्षा के लिए नई पहल
डीजीपी ने बताया कि अगले साल बिहार पुलिस 2000 स्कूटी खरीदेगी। इन स्कूटियों से महिला पुलिसकर्मी स्कूल और कॉलेज के आसपास पेट्रोलिंग करेंगी। इससे मनचलों पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी और महिलाओं की सुरक्षा और मजबूत होगी।
इसे भी पढ़ें : अब सपनों को पंख, CM हेमंत ने शुरू की मुफ्त JEE-NEET कोचिंग



