अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/Gumla : गुमला-रांची नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास आज यानी गुरुवार सुबह हुआ। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बेतरह जख्मी हो गए।
तिलकुट बेचने जा रहे थे लोग
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार लोग तिलकुट बेचने के लिए रांची की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर हालत में सड़क पर पड़े मिले।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा
स्थानीय लोगों की सूचना पर भरनो थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जख्मियों को एंबुलेंस से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
जांच जारी
हादसे के बाद हाईवा वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया और अज्ञात हाईवा की तलाश शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए शव भेजे गए
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिए हैं। फिलहाल शवों की पहचान नहीं हो पाई है। मृतकों के परिजनों के आने के बाद ही उनकी पहचान हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें : ठंडी पछुआ हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी, दो दिन बाद मिल सकती है राहत

