अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन गुरुवार को स्विट्जरलैंड के सबसे बड़े शहर ज्यूरिख पहुंचे। ज्यूरिख एयरपोर्ट पर भारत के राजदूत मृदुल कुमार ने दोनों का स्वागत किया। सीएम का यह दौरा वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग लेने के लिए है।
दावोस में WEF में करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व
सीएम हेमंत सोरेन 19 से 21 जनवरी तक दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा लेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि वह WEF में झारखंड और भारत का प्रतिनिधित्व करने को लेकर उत्साहित हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनका मुख्य फोकस प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर विकास और समावेशी विकास पर रहेगा।
11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे सीएम
सीएम के नेतृत्व में 11 सदस्यीय झारखंड प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग लेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभागीय सचिव शामिल हैं। मुख्य सचिव अविनाश कुमार, वित्त सचिव प्रशांत कुमार और खान सचिव अरवा राजकमल भी स्विट्जरलैंड पहुंच चुके हैं।
It was heartening to meet Amb Mridul Kumar and I look forward to representing Jharkhand and India at WEF, focused on inclusive growth in harmony with nature.@IndiainSwiss @DPIITGoI#WEF2026 #JharkhandAtDavos #WorldEconomicForum https://t.co/9e4OYerIWA
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) January 15, 2026
वैश्विक निवेशकों के सामने रखे जाएंगे झारखंड के अवसर
WEF के मंच पर झारखंड सरकार राज्य की औद्योगिक नीति, निवेश की संभावनाएं, खनन, पर्यटन और सतत विकास से जुड़े विषयों को वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने रखेगी। सरकार का उद्देश्य राज्य में निवेश आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
दावोस के बाद UK का दौरा
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के समापन के बाद 21 जनवरी से झारखंड प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम रवाना होगा। UK दौरा 26 जनवरी तक चलेगा। वहां व्यापार, शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी सहयोग से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया जाएगा।
UK में मंत्री सुदिव्य कुमार की टीम से होगी मुलाकात
UK दौरे के दौरान सीएम हेमंत का प्रतिनिधिमंडल पहले से मौजूद मंत्री सुदिव्य कुमार की टीम के साथ मिलकर विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होगा। इस दौरे का मकसद झारखंड और भारत को वैश्विक स्तर पर निवेश और सहयोग के लिए मजबूत रूप से प्रस्तुत करना है।
इसे भी पढ़ें : दावोस में पहली बार झारखंड, विश्व मंच पर रखेगा विकास का विजन

