अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची नगर निगम शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। मुख्य सड़कों के साथ-साथ कनेक्टिंग मार्गों पर भी अभियान चलाकर जाम की समस्या को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से डेली मार्केट चौक से चर्च रोड होते हुए कर्बला चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क के दोनों ओर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई।
जाम की समस्या को देखते हुए उठाया गया कदम
इस मार्ग पर आए दिन लगने वाले जाम और यातायात बाधा को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी।
मापी के बाद हटाए गए अवैध निर्माण
अभियान के दौरान निगम और अंचल कार्यालय के अमीन ने सड़क की विधिवत मापी की। मापी के बाद दुकानों के बाहर बने शेड, गुमटी, अस्थायी दुकानें और अन्य अवैध निर्माण हटाए गए। सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध विस्तार को भी हटाकर रास्ता साफ कराया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
रांची नगर निगम ने कहा है कि शहर को जाम और अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शहर को सुचारु और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के उत्पाद विभाग में बड़ा फेरबदल… जानें



