अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Giridih : गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र में चतरो-गावां मुख्य सड़क पर घासीडीह गांव के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त परसाटांड़ पतरवा गांव के मनीष कुमार साव (23), मारुडीह गांव के विकास साव (25) और पतरवा गांव के कैलाश साव (23) के रूप में हुई है। कैलाश और विकास रिश्ते में जीजा-साला थे।
जख्मी युवक गिरिडीह रेफर
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अपनी सही साइड पर चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर रॉन्ग साइड में चली गई और ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवक मौके पर ही मारे गए, जबकि बेतरह जख्मी कैलाश साव को पहले देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से गिरिडीह रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
तीनों कोलकाता में करते थे मजदूरी
तीनों युवक कोलकाता में मजदूरी करते थे। मकर संक्रांति के मौके पर वे घर आए थे। हादसे के समय वे सिरनाटांड़ पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर पतरवा अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरो-गावां मुख्य मार्ग को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। बाद में देवरी पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने पर जाम हटा लिया गया।
कानूनी कार्रवाई शुरू
देवरी थानेदार सोनू कुमार साहू सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों और गांव वालों में कोहराम मचा हुआ है। घरों पर लोग रोते-बिलखते नजर आए।
इसे भी पढ़ें : शीतलहर के असर में कमी, इन 10 जिलों में ठंड से मिलेगी राहत



