अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Koderma (Aftab Alam) : शाम को कोडरमा के कई इलाके में पुलिस की गाड़ी घूमी थी। जेवर दुकानों और बैंकों की सुरक्षा जांच हुई। लोगों ने सोचा, शायद अब कुछ दिन चैन से नींद आएगी। लेकिन उसी रात करियांवां गांव के लिए डर, सन्नाटा और टूटे ताले लेकर आई। जयनगर थाना क्षेत्र के इस छोटे से गांव में रात गहराते ही अचानक बिजली गुल हो गई। पहले तो लोगों ने सोचा, शायद सामान्य फॉल्ट होगा। लेकिन यह अंधेरा किसी खराबी की वजह से नहीं, बल्कि चोरी की साजिश का हिस्सा था।
बिजली कटी और गांव थम सा गया
ग्रामीणों के मुताबिक, चोरों ने गांव में आने वाले 440 वोल्ट के बिजली तार को जानबूझकर शॉर्ट सर्किट कर दिया। कुछ ही पलों में पूरा गांव अंधेरे में डूब गया। मोबाइल की टॉर्च और मद्धिम लालटेन के अलावा कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। यही वह वक्त था, जब चोर हरकत में आए।
अकेली महिला, सोती बच्ची और टूटा ताला
छोटू मियां का घर सबसे पहले निशाने पर आया। वह रोजी-रोटी के लिए गोवा में काम करते हैं। घर पर उनकी पत्नी और छोटी बेटी थीं। दोनों दूसरे तल्ले पर सो रही थीं। रात करीब एक बजे नीचे से किसी चीज के टूटने की आवाज आई। पहले तो महिला घबरा गईं। बेटी को वहीं सुला कर जब नीचे उतरीं, तो सामने का नजारा देख उनके पैर कांप गए। कमरे का ताला टूटा था, दरवाजा खुला पड़ा था और सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने शोर मचाया। गांव वाले दौड़े, लेकिन तब तक चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुके थे। उस रात डर सिर्फ घर में नहीं, उस मां की आंखों में भी उतर आया था।
खेत में पानी, घर में चोरी
कल्लू मियां उस रात खेत में थे। गेहूं की फसल में पटवन जरूरी थी। रात करीब 11 बजे वह घर से निकले। परिवार घर में सो रहा था। करीब 12 बजे बिजली चली गई। किसी ने ध्यान नहीं दिया। लेकिन उसी अंधेरे में चोरों ने उस कमरे का ताला तोड़ दिया, जहां परिवार की जमा पूंजी रखी थी। सुबह जब कल्लू मियां लौटे, तो देखा कि अलमारियां खुली हैं, बक्से गायब हैं। कपड़ों से भरे दो बक्से, नए बर्तन और करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी हो चुके थे। उनकी मेहनत की कमाई, एक रात में हाथ से निकल गई।
बहू का कमरा भी नहीं छोड़ा
इलियास मियां के घर में चोरों ने और भी बेखौफ अंदाज दिखाया। घर में लोग सो रहे थे, लेकिन चोर सीधे बहू के कमरे तक पहुंच गए। वहां रखे करीब एक लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब चोरी का पता चला, तो पूरे घर में सन्नाटा छा गया। खुशी के मौके के लिए संभालकर रखे जेवर अब सिर्फ याद बनकर रह गए।
सुबह गांव में सिर्फ सवाल थे
सुबह होते ही करियांवां गांव में एक ही चर्चा थी। चोर इतने इत्मीनान से कैसे आए। बिजली काटी, तीन घरों में घुसे और किसी को भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलने पर जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच शुरू हुई। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। लेकिन गांव वालों के मन में अब भी डर बैठा हुआ है।
डर सिर्फ चोरी का नहीं, अगली रात का है
इस घटना ने गांव की रातों की नींद छीन ली है। महिलाएं डरी हुई हैं। बुजुर्ग देर रात तक जागने की सोच रहे हैं। बच्चों को अकेला छोड़ने में लोग डर महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि चोरी से ज्यादा डर उस अंधेरे का है, जो किसी भी रात फिर लौट सकता है।
इसे भी पढ़ें : एक साथ चल बसे जीजा और साला… जानें कैसे



