अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार को अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस की चुनौती बढ़ा दी। जनरल पोस्ट ऑफिस यानी जीपीओ परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कलेक्शन का पैसा जमा करने पहुंचे एक एजेंट के बैग से करीब डेढ़ लाख रुपये गायब हो गये। मिली जानकारी के अनुसार, एजेंट रुपये जमा करने के लिए जीपीओ के अंदर लाइन में खड़ा था। परिसर में काफी भीड़ थी। इसी भीड़ का फायदा उठाते हुए उचक्कों ने बेहद चालाकी से उसके बैग को ब्लेड से काट दिया। एजेंट को इसकी भनक तक नहीं लगी और चंद मिनटों में बदमाश कैश लेकर फरार हो गए।
बैग हल्का लगा तो हुआ चोरी का खुलासा
कुछ देर बाद जब एजेंट को बैग असामान्य रूप से हल्का महसूस हुआ, तब उसने बैग की जांच की। अंदर देखा तो होश उड़ गए। बैग में रखा पूरा कैश गायब था। इसके बाद एजेंट ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस जीपीओ परिसर और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात को कितने लोगों ने अंजाम दिया और वे किस दिशा में भागे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वारदात के तरीके से यह साफ है कि उचक्के पेशेवर हैं। CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : सालों का इंतजार, एक दिन में समाधान… कैसे… बता गये डालसा सचिव



