अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : CID झारखंड ने NAFIS शाखा के कामकाज में सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। CID ने राज्य के सभी एसएसपी और एसपी (रेल सहित) को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिले की NAFIS शाखा में वर्तमान में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों की अद्यतन सूची तीन दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं।
फोन करने पर सामने आ रही है अलग तैनाती की बात
CID की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अंगुलांक ब्यूरो द्वारा जब जिलों के NAFIS शाखा में नामित कर्मियों से फोन पर संपर्क किया जाता है, तो कई बार वे खुद को किसी अन्य स्थान पर पदस्थापित या किसी दूसरे कार्य में प्रतिनियुक्त बताते हैं। इस बदलाव की सूचना संबंधित कार्यालय को नहीं दी जाती, जिससे विभागीय कार्यों में परेशानी आ रही है।
पहले भी जारी हो चुका है निर्देश
CID ने बताया कि इस विषय में पहले भी 24 नवंबर 2025 को सभी जिलों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन अब तक उनका सही तरीके से पालन नहीं किया गया। बार-बार चेतावनी के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
प्रशिक्षित कर्मियों के हटने से प्रभावित हो रहा काम
विभाग ने स्पष्ट किया कि NAFIS प्रणाली में गिरफ्तार अभियुक्तों के फिंगरप्रिंट डेटा को अपलोड करने के लिए चयनित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इन्हीं प्रशिक्षित कर्मियों के लिए यूजर आईडी और पासवर्ड बनाए गए हैं। इन्हीं आईडी के जरिए सिस्टम में लॉगिन कर फिंगरप्रिंट का अपलोड और नामांकन किया जाता है।
ट्रांसफर से ठप हो रहा है NAFIS कार्य
जब ऐसे प्रशिक्षित कर्मियों का ट्रांसफर हो जाता है या उन्हें जिले के अन्य कार्यों में लगा दिया जाता है, तो NAFIS से जुड़ा काम सीधे तौर पर प्रभावित होता है। कई जिलों में फिंगरप्रिंट अपलोड का कार्य समय पर नहीं हो पा रहा है।
तीन दिन में सूची भेजने का आदेश
CID ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित प्रपत्र में वर्तमान में NAFIS शाखा में कार्यरत पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों की पूरी जानकारी तीन दिनों के भीतर भेजें। साथ ही पहले जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करना सुनिश्चित करें।
राष्ट्रीय प्रणाली है NAFIS
CID ने कहा है कि NAFIS एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय फिंगरप्रिंट डेटाबेस है, जो अपराधियों की पहचान और आपराधिक मामलों की जांच में अहम भूमिका निभाता है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : जीपीओ में लाइन में खड़े एजेंट के बैग में मारा ब्लेड, फिर…



