अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan, Bhurkunda) : झारखंड में सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने को लेकर मांग तेज हो गई है। बिरसा विकास मंच के केंद्रीय सचिव लव कुमार महतो ने सीएम को पत्र भेजकर वृद्धा पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांग पेंशन की राशि 1000 रुपए से बढ़ाकर 3000 रुपए करने की मांग की है।
चुनावी वादे की दिलाई याद
लव कुमार महतो ने पत्र में लिखा है कि विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ने पेंशन बढ़ाने का वादा किया था। सरकार बने एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक तीनों पेंशन योजनाओं की राशि में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना की राशि 1000 से बढ़ाकर 2500 रुपए कर दी, लेकिन बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों के लिए कोई राहत नहीं दी गई।
महंगाई में 1000 रुपए में गुजारा मुश्किल
पत्र में यह भी कहा गया है कि रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की कीमत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में 1000 रुपए की पेंशन में जीवन चलाना बेहद कठिन हो गया है। लव कुमार महतो के अनुसार इस वजह से दिव्यांगजन, वृद्ध नागरिक और विधवा महिलाएं खुद को उपेक्षित और ठगा हुआ महसूस कर रही हैं।
सरकार की छवि पर भी असर
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द पेंशन राशि नहीं बढ़ाई गई तो इसका असर सरकार की छवि पर भी पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने वादे पूरे करने और जनता का विश्वास बनाए रखने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : कोयले की धूल में दबे अधिकारों को मिली आवाज, मजबूत हुआ श्रमिकों का संगठन

