अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा के सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शुक्रवार को भी नक्सलियों ने पुलिस और केंद्रीय बलों पर फायरिंग की। झारखंड पुलिस के आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज ने बताया कि नक्सलियों की गोलीबारी का सुरक्षा बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। आज की जवाबी कार्रवाई में एक और महिला नक्सली को मार गिराया गया है।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों के गढ़ माने जाने वाले इलाके में झारखंड पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसी दौरान शुक्रवार को एक और नक्सली का शव बरामद किया गया है। हालांकि इस नक्सली की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
अब तक 16 नक्सली मारे गए
आईजी अभियान ने बताया कि गुरुवार को हुए संयुक्त ऑपरेशन में 15 नक्सली मारे गए थे, जिनमें से 13 की पहचान हो चुकी है। शुक्रवार को एक और शव मिलने के बाद मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। इलाके में अब भी सघन तलाशी अभियान जारी है।
गुरुवार को हुई थी भयंकर मुठभेड़
बताया गया कि किरीबुरू थाना क्षेत्र में चल रहे इस विशेष अभियान में 209 कोबरा, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम शामिल है। गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे सुरक्षा बलों की मुठभेड़ शीर्ष माओवादी अनल उर्फ पतिराम मांझी के सशस्त्र दस्ते से हुई।
अंधाधुंध फायरिंग, जवानों ने दिखाया दम
मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से अंधाधुंध फायरिंग की। जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में 15 नक्सलियों के शव बरामद किए गए थे।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
सुरक्षा बलों ने मौके से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और दैनिक उपयोग की सामग्री भी जब्त की है। अधिकारियों के मुताबिक इलाके में अभी भी नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका है, इसलिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रखा गया है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड पुलिस का इकबाल बुलंद, दुर्दांत अनल सहित 15 नक्सलियों का अंत



