अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : भुरकुंडा बाजार से दिनदहाड़े अगवा किए गए युवक को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की लगातार दबिश से घबराए अपराधियों ने अपहृत कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा को रांची के पिठोरिया जंगल के पास छोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अपहरण कांड में शामिल पांच आरोपियों को वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद रामगढ़ जेल भेज दिया गया है।
रांची से पीछा कर भुरकुंडा बाजार से किया था अगवा
पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने मीडिया को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मूल रूप से हजारीबाग के बड़कागांव स्थित हरली गांव निवासी और वर्तमान में रांची के पंडरा में रहने वाले 42 वर्षीय कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा 23 नवंबर की शाम करीब चार से पांच बजे भुरकुंडा बाजार स्थित गणेश ज्वेलर्स के पास थे। तभी सफेद रंग की स्विफ्ट कार से आए अज्ञात अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। घटना के बाद अपहृत की पत्नी रिंकू देवी ने भुरकुंडा ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पतरातू थाना कांड संख्या 307/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि पैसे के लेनदेन और आपसी रंजिश के कारण आरोपियों ने योजना बनाकर रांची से ही कमलेश का पीछा किया था। अपहरण के बाद वे कमलेश को उरीमारी, बड़कागांव, केरेडारी और टंडवा के रास्ते गुमला ले गए और वहां उसके साथ मारपीट की।

रिंग रोड पर घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचे पांचों अपराधी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल बनाया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू की। पुलिस का दबाव बढ़ता देख अपराधी घबरा गए और अपहृत को रांची के पिठोरिया जंगल के पास छोड़कर भाग निकले, जहां से पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद 24 नवंबर की रात पुलिस टीम ने रांची रिंग रोड स्थित होसिर लॉ कॉलेज के पास घेराबंदी की और अपहरण में इस्तेमाल की गई सफेद मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01CV-4472) समेत पांचों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में यूएपीए एक्ट का पुराना अपराधी भी शामिल
पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों में रांची के पिसका मोड़ लक्ष्मी नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार साव (31), रातू चटकपुर निवासी राजमणी गुप्ता उर्फ बंटी (37), पंडरा देवनगर निवासी व मूल रूप से बिहार के गया जिले के शेरघाटी निवासी रौशन कुमार सिंह (30), पंडरा निवासी घनश्याम सिंह (43) और रामगढ़ के बासल थाना क्षेत्र के रसदा गांव निवासी पीयूष कुमार (21) शामिल हैं। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रौशन कुमार सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ एटीएस थाने में बीएनएस और यूएपीए एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत पहले से मामला दर्ज है। इस सफल अभियान में पतरातू अंचल के पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, भुरकुंडा ओपी प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, सब-इंस्पेक्टर अजीत कुमार, मंटू कुमार शर्मा, उपेंद्र कुमार, नौशाद कुमार और रामगढ़ सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : शादी के जश्न में चली ताबड़तोड़ गोलियां, दो दोस्तों की मौ’त, एक की हालत नाजुक




