अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में गिने जाने वाले कांटाटोली और सिरमटोली के बीच जाम अब रोजमर्रा की मजबूरी नहीं रहे, इसी उम्मीद के साथ बन रहा कनेक्टिंग फ्लाईओवर एक बार फिर चर्चा में रहा। बुधवार को डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सदर SDM कुमार रजत ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और काम की रफ्तार को करीब से देखा।
सुबह के समय जब सड़क पर गाड़ियों की भीड़ थी, उसी बीच SDM कुमार रजत निर्माण स्थल पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले भू-अर्जन से जुड़े मामलों की जानकारी ली, फिर शिफ्ट किए जा रहे भवनों और बिजली, पानी, दूरसंचार जैसी यूटिलिटी लाइनों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि निर्माण के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ स्थानों पर तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनें अब भी चुनौती बनी हुई हैं। इस पर एसडीएम कुमार रजत ने संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सिर्फ एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम है।
एसडीएम ने साफ किया कि कांटाटोली–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर की नियमित निगरानी की जा रही है। लक्ष्य है कि तय समय-सीमा में निर्माण पूरा हो और रांची के लोगों को जाम से राहत मिले। फ्लाईओवर के पूरा होते ही इस मार्ग पर सफर न सिर्फ तेज होगा, बल्कि शहर की धड़कन भी कुछ आसान हो जाएगी।
इसे भी पढ़ें : कचरा चुनने वाले नशेड़ी ने फूंक डाली थी खादगढ़ा में बसें, SP कर गये खुलासा… देखें



