अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना पुलिस ने बीती देर रात 12 बजे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को उनके पटना स्थित मंदिरी आवास से गिरफ्तार कर लिया। ये गिरफ्तारी 31 साल पुराने 1995 के एक मामले के चलते हुई, जिसमें पटना की विशेष अदालत ने पप्पू यादव समेत तीन आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी का आदेश जारी किया था।
BREAKING NEWS | जानिए क्या है 31 साल पुराना वो केस जिसमें आधी रात गिरफ्तार हुए पप्पू यादव?@Chandans_live | @_shashankkrhttps://t.co/smwhXURgtc #BreakingNews #PappuYadav #Bihar #ABPNews pic.twitter.com/MNjRfYMlKV
— ABP News (@ABPNews) February 6, 2026
पुलिस आई, पप्पू यादव बोले- “मेरी हत्या हो सकती है”
शुक्रवार रात करीब 12 बजे जब पुलिस की टीम पप्पू यादव के घर पहुंची, तो वहां 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी, सिटी एसपी, 5 डीएसपी और 6 थानेदार मौजूद थे। पप्पू यादव सबसे ऊपर के फ्लोर पर थे और पुलिस को देखकर भौचक रह गए। उन्होंने सीधे इंस्पेक्टर से कहा, “इतनी रात में आए हैं? कुछ हुआ है क्या?” जब पुलिस ने गिरफ्तारी का आदेश दिखाया, तो पप्पू यादव ने जोर देकर मना किया, “मैं रात में नहीं जाऊंगा, मेरी हत्या हो सकती है। पहले मुझे वारंट दिखाओ। अगर हाउस अरेस्ट करोगे तो मैं सुबह कोर्ट में आ जाऊंगा।” यहां तक कि तीन घंटे तक पुलिस और पप्पू यादव के बीच तीखी नोक-झोंक होती रही। समर्थक भीड़ में जमा हो गए और पुलिस के साथ हाथापाई तक हो गई।
गिरफ्तारी के दौरान पप्पू यादव बेहोश
तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद जब पुलिस उन्हें लेकर बाहर जाने लगी, तो पप्पू यादव बेहोश हो गए। समर्थक भड़क गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें IGIMS लाकर मेडिकल चेकअप कराया और फिर पुलिस कस्टडी में ले लिया। शनिवार सुबह उन्हें PMCH ले जाया गया, जहां से उन्हें कोर्ट में पेश किया जा सकता है।
पटना पुलिस का कहना- “हमने सिर्फ अपना काम किया”
पटना सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने कहा, “पुलिस किसी भी समय गिरफ्तारी कर सकती है। कोर्ट का आदेश है, हम कानून के मुताबिक काम कर रहे हैं। पप्पू यादव से किसी तरह की साजिश नहीं हुई।” उन्होंने यह भी बताया कि मामला 1995 का है, और पप्पू यादव बार-बार कोर्ट में पेश नहीं हुए थे।

मामला क्या है? 31 साल पुराना विवाद
ये विवाद साल 1995 का है। पटना के गर्दनीबाग थाने में विनोद बिहारी लाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पप्पू यादव और उनके सहयोगियों ने धोखाधड़ी करके उनका मकान किराए पर लिया, जबकि मकान मालिक को बताया नहीं गया कि वहां सांसद का कार्यालय चलाया जाएगा। इस मामले में IPC की धाराओं 419, 420, 468, 448, 506 और 120बी के तहत कार्रवाई की गई थी। कोर्ट में लगातार पेश नहीं होने के कारण अब गिरफ्तारी का आदेश आया।
पप्पू यादव ने फेसबुक पर सरकार पर साधा निशाना
गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने फेसबुक पर लिखा, “बहुत शानदार बिहार पुलिस। NEET छात्रा के लिए न्याय की लड़ाई लड़े और पुलिस को पेट में दर्द हो गया। जेल भेजो या फांसी दो, पप्पू रुकेगा नहीं।” वह पटना के हॉस्टल में छात्रा की मौत के मामले को लेकर लगातार सरकार पर दबाव बना रहे थे। उन्होंने हॉस्टल में लड़कियों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया था और अस्पताल कर्मचारियों के ऑडियो क्लिप भी शेयर किए थे।
इसे भी पढ़ें : सायरन में दबी आवाजें, जाम में फंसी सांसें : रांची को राहत दिलाने जुटे एसएसपी

