अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Saraikela : सरायकेला जिले के गम्हरिया थाने से खाकी को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां इंसाफ की उम्मीद लेकर थाने पहुंची एक पीड़ित महिला के साथ थाने के भीतर ही दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की नजाकत को भांपते हुए सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया है। एसपी ने लापरवाही बरतने के आरोप में गम्हरिया थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है, जबकि दुष्कर्म के मुख्य आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
घरेलू विवाद की शिकायत लेकर पहुंची थी पीड़िता
मिली जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता गुरुवार को अपने घर में चल रहे पारिवारिक झगड़े से काफी परेशान थी। इसी विवाद को सुलझाने और पुलिस से मदद मांगने के लिए वह थाने पहुंची थी। महिला का आरोप है कि उस समय थाने में तैनात सिपाही नीरज लकड़ा ने मदद के बहाने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। सिपाही उसे थाने के ही एक कमरे में ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद थाने से लेकर जिले के आला अधिकारियों तक खलबली मच गई।
थानेदार और तीन अन्य पर गिरी निलंबन की गाज
थाने के भीतर हुई इस शर्मनाक वारदात पर एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने बेहद कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने इसे ड्यूटी में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता माना। इसी आधार पर एसपी ने गम्हरिया थानेदार संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, मुख्य आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का साफ कहना है कि रक्षक बनकर भक्षक बनने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
SIT का गठन, देर रात सील किया गया घटनास्थल
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज की अगुवाई में एक विशेष जांच दल यानी एसआईटी बनाई गई है। शुक्रवार देर रात एसडीपीओ भारी पुलिस बल के साथ गम्हरिया थाने पहुंचे। वहां उन्होंने मौके की बारीकी से जांच की और साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए उस कमरे को फौरन सील कर दिया जहां वारदात हुई थी। एसडीपीओ ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक और कानूनी प्रक्रियाओं के तहत जांच आगे बढ़ाई जा रही है और इस पूरे मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
इसे भी पढ़ें : जेसोवा मेला : दिन में सुकून की धूप, शाम ढलते ही रोशनी के समंदर में डूबा मोरहाबादी



