अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में नशे का गंदा धंधा करने वालों को पुलिस ने तीखी चोट दी है। गांजा बेचने के इल्जाम में सुखदेवनगर पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा है। इनके नाम अखिलेश यादव और विवेक कुमार यादव उर्फ गुड़ी बताये गये। इन लोगों के पास से पुलिस ने 548 ग्राम गांजा जब्त किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि ये दोनों एक खटाल की आड़ में नशे का यह गंदा धंधा कर रहे थे।यह खटाल विद्यानगर में डीएवी स्वर्णरेखा स्कूल के पास है।
एक इंफॉर्मेशन से खुला राज
रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन को बीती रात करीब साढ़े नौ बजे इंफॉर्मेशन मिली कि विद्यानगर में जतरु लॉज के आसपास अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त हो रही है। सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा की देखरेख और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक टीम तैयार की गई। पुलिस टीम चुपचाप मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। अचानक पुलिस को देखकर वहां मौजूद दोनों लड़के घबरा गए।
548 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा गया युवक
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 19 साल के अखिलेश यादव को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 548 ग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही रेडमी कंपनी का एक स्मार्टफोन भी जब्त किया गया। उसका साथी विवेक कुमार यादव उर्फ गुड़ी (18 वर्ष) अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। लेकिन पुलिस ने उसे भी बाद में विद्यानगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा से लाकर रांची में सप्लाई
पूछताछ में दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे ओडिशा के राउरकेला से गांजा खरीदकर रांची लाते थे और विद्यानगर व आसपास के इलाकों में ऊंचे दाम पर बेचते थे। सबसे हैरानी की बात यह रही कि दोनों खटाल की आड़ में यह गंदा धंधा चला रहे थे ताकि किसी को शक न हो।
बड़ा नेटवर्क होने की आशंका
पुलिस को शक है कि मामला सिर्फ दो युवकों तक सीमित नहीं हो सकता। इनके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भी भूमिका हो सकती है। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।
सराहनीय रही इनकी भूमिका
इन लोगों को दबोचने में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सुखदेवनगर थानेदार सुनील कुमार कुशवाहा, एसआई सहाबीर उरांव, अमित कुमार दास, एएसआई श्री चौधरी, सिपाही मुन्ना लाल गुप्ता और रुपेश कुमार की भूमिका सराहनीय रही।पुलिस का कहना है कि राजधानी में नशे के कारोबार पर सख्ती जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
इसे भी पढ़ें : कल खुले रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर, बजट सत्र के बीच बड़ा फैसला



